छत्तीसगढ़ पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। दंतेवाड़ा और बीजापुर बॉर्डर पर फोर्स ने 22 नक्सलियों को मार गिराया है तो एक डीआरजी जवान शहीद हुआ है। नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सर्च ऑपरेशन भी चल रहा है। नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर आईईडी ब्लास्ट से दो जवान घायल हुए हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के कोर इलाके में घुसकर उनके बड़े कैडर को घेर लिया था। छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक 71 नक्सली मारे गए हैं और 2024 में अलग-अलग मुठभेड़ों में जवानों ने लगभग 300 नक्सलियों को मार गिराया है। 290 हथियार भी जब्त किए गए हैं।
जवानों ने चारों तरफ से घेरा और काम तमाम किया
गंगालूर इलाके में बहुत सारे नक्सलियों की सूचना मिली थी। इसी के आधार पर दंतेवाड़ा और बीजापुर बॉर्डर पर पुलिस ने मिलकर ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने एंड्री इलाके को घेर लिया था। गुरुवार की सुबह से ही जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। हिरोली से भी जवानों नक्सलियों को घेर लिया। इस तरह चारों तरफ से घिरे नक्सली बचकर नहीं भाग पाए और मारे गए।