मार्च के महीने में मौसम लोगों की फिरकी ले रहा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं उत्तर प्रदेश, पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 20 मार्च को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम नरम-गरम बना हुआ है। हल्की ठंडक के बीच दिन में धूप के तेवर जोर पकड़ रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र, विदर्भ, गुजरात, तेलंगाना,गोवा और कर्नाटक के कई इलाकों में गर्म और उमस भरे मौसम से छुटकारा मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। इन इलाकों में लू जैसे हालात बने हुए हैं। तमिलनाडु और केरल में बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज सतही हवाओं का दौर जारी है।
पहाड़ों पर अभी रहेगी ठंड
पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से मौसम ने करवट बदली है। पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी के कारण एक बार फिर सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। अभी ठंड के और भी ज्यादा बढऩे के आसार हैं, क्योंकि हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। अगले 3 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने का पूर्वानुमान है, जिसके चलते ऊंचाई वाले हिस्सों में 21 मार्च तक हल्की बर्फबारी जारी रहेगी। 22 तक पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना है।
यहां लू जैसे हालात
महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, ओडिशा, तेलंगाना, रायलसीमा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। यहां लू जैसे हालात बने हुए हैं। सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।