अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में भी पाकिस्तान पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। उनका पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पर भरोसा नहीं है। अमेरिका ने पाकिस्तान को खतरनाक श्रेणी के देशों में तो रखा ही है, अमेरिकी नागरिकों से यात्रा करने से बचने की एडवाइजरी भी जारी की है। वॉशिंगटन ने नई ट्रैवल एडवाइजरी कर अमेरिकी नागरिकों से आतंकवाद और सशस्त्र संघर्ष की संभावना समेत सुरक्षा खतरों के चलते देश की यात्रा पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया गया है। इस बीच खबर यह भी है कि ट्रंप प्रशासन जल्द ही नए प्रतिबंध को लागू कर सकता है, जिसमें पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लोगों के अमेरिका में प्रवेश करने पर रोक लग सकती है। यह देशों की सुरक्षा और जांच प्रक्रियाओं के व्यापक मूल्यांकन के बाद किया गया है। ट्रंप प्रशासन पाकिस्तानियों की अमेरिका में एंट्री रोकने की योजना को लागू करने की तैयारी में है।
आतंकवादी हमलों की दी है चेतावनी
अमेरिका का मानना है कि चरमपंथी समूह बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में हमलों की योजना बना रहे हैं। आतंकवादी बहुत कम या बिनी किसी चेतावनी के हमले कर सकते हैं। वे परिवहन केंद्रों, शॉपिंग मॉल, सैन्य प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों और पूजा स्थलों जैसे विभिन्न स्थानों को निशाना बना सकते हैं। इसके साथ ही सलाह में पाकिस्तान में नियुक्त अमेरिकी सरकारी कर्मियों को बढ़े हुए खतरे के कारण अधिकांश बड़ी सभाओं में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया है। राजधानी इस्लामाबाद जैसे प्रमुख शहरों को लेकर भी चेतावनी दी गई है कि पाकिस्तान की सुरक्षा स्थिति अस्थिर बनी हुई है। इसके चलते अमेरिकी नागरिकों से पाकिस्तान की यात्रा पर पुनर्विचार करने को कहा गया है।