नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में लोगों के हताहत होने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं। अधिकारी इस भगदड़ से प्रभावित सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं। वहीं लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। घटना ने एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर कर दिया है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।
सीएम योगी, धामी समेत कई नेताओं ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्मयंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करें। शोक संतप्त परिवारों को यह अपार दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर बेहद दुखद है। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
आतिशी मौके पर पहुंचीं, एलजी-रेलमंत्री ने यह कहा
दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी ने ट्वीट किया कि हादसे में महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की दुखद मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। एलएनजीपी अस्पताल में पीडि़त परिवारों से मुलाकात की है। कई लोग घायल भी हैं, जिनका इलाज चल रहा है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की है। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने कहा कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। ट्रेनों की आवाजाही अब सामान्य है। स्थिति नियंत्रण में है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ से बहुत दुख हुआ। मेरी प्रार्थना उन सभी लोगों के साथ है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। पूरी टीम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना चौंकाने वाली है। भगदड़ में लोगों की मौत से मैं बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।