दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह में दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में ठंड अपने पूरे शबाब पर पहुंच गई है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर बाकी राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली में 28 साल बाद शीतलहर की शुरुआत इतनी जल्दी हुई है। पंजाब, हरियाणा में भी शीतलहर का प्रकोप है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। न्यूनतम तापमान 4 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में 14 से 17 दिसंबर के बीच हल्का कोहरा छाया रह सकता है।
पंजाब-हरियाणा में 3-4 दिन चलेगी शीतलहर
पंजाब-हरियाणा में अगले 3-4 दिन तक शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा। पंजाब में अधिकतम तापमान 22 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक रहेगा। हरियाणा में 15 दिसंबर तक शीतलहर का अच्छा खासा असर रहेगा। अधिकतम तापमान 23 तो न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक जा सकता है।चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक जा सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर
पहाड़ी राज्यों में स्नोफॉल और जम्मू-कश्मीर में शीतलहर चल रही है। कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग में स्नोफॉल ने पर्यटकों के मजे करा दिए हैं। सोनमर्ग, गुलमर्ग, कुपवाड़ा, श्रीनगर में न्यूनतम पारा माइनस 6 पर है। जम्मू-कश्मीर के बाकी इलाकों में पारा 6 से नीचे रहेगा। उत्तराखंड में दो दिन कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना है। देहरादून में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में भी पहाड़ी इलाकों में स्नोफॉल और बाकी जगहों पर तापमान गिरने से यहां भी लोगों को ठिठुरन का अहसास होगा। उत्तर प्रदेश में भी ठंड लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही है। मुजफ्फरनगर,मेरठ,मुरादाबाद और कई अन्य जिलों में बारिश की चेतावनी है। तापमान में लगातार गिरावट आ रही है और आने वाले दिनों में यह 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
राजस्थान में भी कई शहरों में तापमान शून्य डिग्री के करीब पहुंच गया है। माउंट आबू में तो तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। बिहार में भी 15 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। 12 जिलों में कड़ाके की ठंड को लेकर येलो अलर्ट है।