गीता महोत्सव में शामिल हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जहां गीता की जन्मस्थली कुरुक्षेत्र पूरे विश्व में ज्ञान का प्रकाश फैला रही है, वहीं हरियाणा सरकार की विकासात्मक उपलब्धियां हरियाणा राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में एक अनमोल पहचान प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आज के समारोह में उपराष्ट्रपति का आना अध्यात्म में उनकी रुचि, धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र और श्रीमद्भगवद्गीता के प्रति आस्था और हरियाणा के प्रति उनके लगाव का प्रतीक है। महाभारत के महाकाव्य की गहनता और रोचकता को ज्योतिसर (कुरुक्षेत्र) स्थित महाभारत अनुभव केंद्र दर्शाता है। हरियाणा पर्यटन निगम ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान महाभारत अनुभव केंद्र के पांच में से दो ब्लॉक खोल दिए हैं।
7,000 से अधिक पर्यटक आ चुके
सीएम नायब सिंह ने कहा कि अनुभव केंद्र में अत्याधुनिक तकनीकों जैसे 3डी मैपिंग, होलोग्राफी और इंटरएक्टिव डिस्प्ले लगाया है, जो महाभारत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। इस अनुभव केंद्र की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां पिछले पांच दिन में 7,000 से अधिक पर्यटक आ चुके हैं।þ
मानव जाति को कर्म और ज्ञान का संदेश मिल रहा
गीता ज्ञान संस्थानम केंद्र में आयोजित दिव्य गीता सत्संग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा से पूरे विश्व में पवित्र ग्रंथ गीता का प्रकाश फैल रहा है। इस पवित्र ग्रंथ गीता से पूरी मानव जाति को कर्म और ज्ञान का संदेश मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र ग्रंथ गीता से पूरी मानवता को हर विकट परिस्थिति में सही मार्ग पर चलने का ज्ञान मिल रहा है। इस ग्रंथ में हर व्यक्ति को सही मार्ग पर चलने का संदेश मिलता है।