More
    HomeHindi NewsBusinessदूरदर्शी, दयालु और असाधारण थे रतन टाटा.. दिग्गज हस्तियों ने बताया भारत...

    दूरदर्शी, दयालु और असाधारण थे रतन टाटा.. दिग्गज हस्तियों ने बताया भारत का कोहिनूर

    उद्योगपति रतन टाटा अब हमारे बीच नहीं रहे। बुधवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली तो यह खबर सुनकर पूरा देश सन्न रह गया। रतन टाटा ऐसी शख्सियत थे, जिन्होंने टाटा समूह को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया। उनके निधन पर देश-विदेश की दिग्गज हस्तियों ने नमन किया है ओर देश के लिए दिए योगदान को अतुलनीय बताया है। टाटा समूह ने कहा कि हम रतन नवल टाटा को गहरी क्षति के साथ विदाई दे रहे हैं। वे वास्तव में एक असाधारण व्यक्ति थे, जिनके अतुलनीय योगदान ने न केवल टाटा समूह को बल्कि हमारे राष्ट्र के ढांचे को भी आकार दिया है।

    उत्कृष्टता को नैतिकता के साथ जोड़ा

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया कि रतन टाटा के दुखद निधन से भारत ने एक ऐसे आइकन को खो दिया है, जिन्होंने कॉर्पोरेट विकास को राष्ट्र निर्माण और उत्कृष्टता को नैतिकता के साथ जोड़ा। पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित, उन्होंने टाटा की महान विरासत को आगे बढ़ाया और इसे और अधिक प्रभावशाली वैश्विक उपस्थिति दी। उन्होंने अनुभवी पेशेवरों और युवा छात्रों को समान रूप से प्रेरित किया। परोपकार और दान के लिए उनका योगदान अमूल्य है। मैं उनके परिवार, टाटा समूह की पूरी टीम और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।

    दूरदर्शी बिजनेस लीडर और असाधारण इंसान थे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि वे एक दूरदर्शी बिजनेस लीडर, एक दयालु आत्मा और एक असाधारण इंसान थे। उन्होंने भारत के सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित व्यापारिक घरानों में से एक को स्थिर नेतृत्व प्रदान किया। उनका योगदान बोर्डरूम से कहीं आगे तक गया। उन्होंने अपनी विनम्रता, दयालुता और हमारे समाज को बेहतर बनाने के लिए अटूट प्रतिबद्धता के कारण कई लोगों को अपना मुरीद बना लिया।

    जीवन राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि दिग्गज उद्योगपति और सच्चे राष्ट्रवादी रतन टाटा के निधन से बहुत दु:ख हुआ। उन्होंने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन हमारे राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया। जब भी मैं उनसे मिला, भारत और उसके लोगों की बेहतरी के लिए उनके उत्साह और प्रतिबद्धता ने मुझे चकित कर दिया। हमारे देश और उसके लोगों के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता ने लाखों सपनों को जन्म दिया। वे हमारे दिलों में जीवित रहेंगे। टाटा समूह और उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

    रतन टाटा एक दूरदर्शी व्यक्ति थे

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि रतन टाटा एक दूरदर्शी व्यक्ति थे। उन्होंने व्यापार और परोपकार दोनों में अमिट छाप छोड़ी। उनके परिवार और टाटा समुदाय के प्रति मेरी संवेदनाएं।

    भारत के कोहिनूर नहीं रहे

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि एक अनमोल रत्न नहीं रहे। भारत के कोहिनूर नहीं रहे, वो हमसे बिछड़ गए। वे महाराष्ट्र और भारत देश के अभिमान थे। उनको देख कर लोगों में ऊर्जा और प्रेरणा आती थी। उन्हें कई पुरस्कार मिले, उन्हें पुरस्कार देने से पुरस्कार का मान बढ़ गया। उन्होंने लाखों करोड़ों लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने का काम किया। मैं महाराष्ट्र सरकार और जनता की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।

    देश के लिए बहुत बड़ा नुकसान

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वे बहुत ही सफल उद्योगपति तो थे ही, लेकिन उससे भी बड़े व्यक्ति के रूप में हम उन्हें देखते हैं। उन्होंने देश और समाज के लिए काम किया। केवल सफल उद्योग नहीं बल्कि एक ऐसा ब्रांड खड़ा किया जिसने हमारे देश को एक वैश्विक पहचान दी। देश के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान है।

    विजन सुनना प्रेरणादायक था

    गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने ट्वीट किया कि रतन टाटा के साथ गूगल में मेरी आखिरी मुलाकात में हमने वेमो की प्रगति के बारे में बात की और उनका विजन सुनना प्रेरणादायक था। वे एक असाधारण व्यवसाय और परोपकारी विरासत छोड़ गए हैं। भारत में आधुनिक व्यावसायिक नेतृत्व को मार्गदर्शन और विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें भारत को बेहतर बनाने की गहरी चिंता थी। उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments