हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए एक माह से कम का समय बचा है। ऐसे में पार्टियां प्रचार के साथ-साथ गठबंधन के प्रयास में भी हैं। सबकी नजरें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हैं। सवाल यह है कि क्या दोनों पार्टियों में गठबंधन होगा। अभी तो बातचीत का दौर चल रहा है। ऐसे में दोनों पार्टियों की बयानबाजी भी सामने आ रही है।
पूरी 90 सीटों पर कर रहे तैयारी
आप हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक अनुशासित पार्टी है। पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मैं 90 सीटों के लिए पूरी तैयारी कर रहा हूं। हमारे कार्यकर्ता, परिवार जोड़ो अभियान से जुड़े हैं। केजरीवाल की गारंटी गांव-गांव जा रही है और हमारी जनसभाएं चल रही हैं। सभी नेता पूरी तत्परता से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की तैयारी में लगे हैं। उन्होंने कहा कि यह सही है कि समझौते की बातचीत चल रही है। एक अनुशासित कार्यकर्ता होने के नाते मैं यही कहूंगा कि अरविंद केजरीवाल जो भी फैसला लेंगे हम उनके साथ हैं। आम आदमी पार्टी मजबूत पार्टी है। कोई हमारे संयम को हमारी कमजोरी न समझे। हम इंडिया गठबंधन के साथी हैं और उम्मीद करते हैं कि गठबंधन सम्मानजनक तरीके से आगे बढ़ेगा लेकिन आम आदमी पार्टी हरियाणा में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरी है।