असम के मुख्यमंत्री और भाजपा झारखंड प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा जोड़तोड़ में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि चंपाई सोरेन भाजपा में आएं और हमें ताकत दें। लेकिन वे बड़े नेता हैं, उनके बारे में टिप्पणी करना मुझे ठीक नहीं लगता। हिमंत ने कहा कि मैं तो चाहता हूं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी भाजपा में आएं। भाजपा का मतलब है राष्ट्रभक्ति। झारखंड में घुसपैठियों को रोकने के लिए हम हेमंत सोरेन से बात करने के लिए भी तैयार हैं। हमें झारखंड को बचाना है। असम के सीएम ने कहा कि हमारे लिए देश प्रथम है। झारखंड के सामने घुसपैठियों की समस्या सबसे बड़ी है। हमारी पार्टी का यही मकसद है कि चुनाव के समय जो वादे किए थे, उसको निभाएं और झारखंड को घुसपैठियों से मुक्त करें। असम के सीएम ने कहा कि हमारी बस यह 2 मांगें हैं।
..तो जेएमएम का करेंगे समर्थन
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि चंपाई सोरेन के सामने 3 रास्ते हैं। वे अभी दिल्ली में हैं और उनके साथ बातचीत का रास्ता खुला है। आगे जाकर क्या होता है देखते हैं। हिमंता ने कहा कि अगर सितंबर के पहले हेमंत सोरेन 5 लाख नौकरी देते हैं तो हम उनके साथ हैं। अगर घुसपैठियों के खिलाफ वे खड़े होते हैं तो हम उनके साथ हैं। अगर मुहर्रम के समय हिंदुओं के साथ होने वाले व्यवहार के खिलाफ अगर वे खड़े हैं तो हम उनके साथ हैं। हिमंत ने कहा कि हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है। जेएमएम हमारा समर्थन करे हम भी उसका समर्थन करते हैं। हमें घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकालना है।


