हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। दोनों राज्यों में के नतीजे भी 4 अक्टूबर को आ जाएंगे। उम्मीद थी कि 4 राज्यों के चुनाव एक साथ होंगे, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड की चुनावी तारीखों का ऐलान अभी नहीं किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इसका कारण बताया है। उनका कहना है कि महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण मतदाता सूची को अपडेट करने में देरी हुई है। यही कारण है कि महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव अभी साथ में नहीं कराए जा रहे हैं।
नवंबर-जनवरी में खत्म होगा कार्यकाल
महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसके साथ ही 5 जनवरी 2025 को झारखंड विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। चुनाव आयोग अक्टूबर में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव निपटाकर दोनों राज्यों की तारीखों का ऐलान कर सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने भी कहा है कि 2 राज्यों का क्लब बनाकर चुनाव कराया जाएगा। इसलिए दोनों राज्यों के चुनाव एक साथ रखे गए हैं।
मप्र की दो सीटों पर भी ऐलान नहीं
इसके साथ ही मध्य प्रदेश की दो खाली सीटों पर भी अभी चुनाव का ऐलान नहीं हुआ है। शिवराज सिंह चौहान के सांसद बनने के कारण बुधनी सीट खाली हुई है, जबकि मंत्री रामनिवास रावत के भाजपा में शामिल होने और इस्तीफा देने के कारण विजयपुर सीट खाली हुई है। दोनों सीटों पर उपचुनाव होने हैं।