निशानेबाज मनु भाकर ने भारत की ओर से इतिहास रचते हुए पहला पदक दिला दिया है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि पर हरियाणा में उनके घर जश्न शुरू हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नायब सिंह सैनी ने उन्हें बधाई दी है।
भारत को मनु भाकर पर गर्व है : राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया कि पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाली मनु भाकर को हार्दिक बधाई। वह निशानेबाजी प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनकी यह उपलब्धि कई खिलाडिय़ों, विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करेगी।
यह सफलता और भी खास है: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि एक ऐतिहासिक पदक। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के लिए पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई! कांस्य पदक के लिए बधाई। यह सफलता और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। एक अविश्वसनीय उपलब्धि।
हरियाणा की धाकड़ बेटी ने कर दिया कमाल : सीएम
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांस्य पदक जीतने पर निशानेबाज मनु भाकर को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आखिरकार वो सपना सच हुआ जिसकी उम्मीद पूरे देश को हरियाणा की धाकड़ बेटी से थी। देश की नाज महिला शूटर मनु भाकर ने पेरिस में अपना दम दिखा दिया है। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर महिला एयर पिस्टल इवेंट में देश के लिए कांस्य पदक जीता। 22 साल की मनु भाकर ने आज वो कर दिखाया है, जिस पर पूरे देश और हरियाणा प्रदेश को गर्व है। सीएम ने कहा कि हर हरियाणवी का सीना आज गर्व से चौड़ा हो गया है। हरियाणा की दमदार और साहसी बेटी को बहुत-बहुत बधाई।
घरवालों की खुशी का ठिकाना नहीं
मनु भाकर की मां सुमेधा भाकर ने कहा कि मैं हमेशा चाहती थी कि मेरी बेटी खुश रहे। मैं हमेशा अच्छा महसूस करती रही हूं। पिता राम किशन भाकर ने कहा कि पूरा देश खुश है, उसके दो इवेंट बचे हैं और हमें उम्मीद है कि वो और अच्छा प्रदर्शन करेगी। मनु को सरकार और फेडरेशन से काफी सहयोग मिला। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। ताऊ बलजीत सिंह ने कहा कि ये पूरे देश के लिए गर्व की बात है कि पहली बार महिला शूटिंग में मेडल आया है। हमें आशा थी कि गोल्ड मेडल आएगा लेकिन ये भी एक अच्छी उपलब्धि है। ओलंपिक में तीसरे स्थान पर रहना बहुत बड़ी बात है। उसने बहुत कड़ी मेहनत की है। मनु की दादी ने कहा कि उसने बहुत अच्छा काम किया है। जब वो यहां आएंगी तो हम सब उसका स्वागत करेंगे।