हरियाणा में 3 विधायकों के सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद राजनीति गर्मा गई है। भाजपा जहां सधे हुए बयान देकर सरकार पर खतरा न होने की बात कह रही है तो विपक्ष भी उलाहने देकर इस्तीफा देने का दबाव बना रहा है। ऐसे में देखना होगा कि आने वाले समय में ऊंट किस करवट बैठता है और क्या राजनीतिक उठापटक होती है।
कांग्रेस अपनों को संभाल कर रखे : मनोहर लाल
तीन निर्दलीय विधायकों द्वारा कांग्रेस को समर्थन देने पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वे निर्दलीय हैं, हम क्या कर सकते हैं। ये (कांग्रेस) अपनों को संभाल कर रखें। जिस दिन हिसाब खुल गया, उस दिन इनको समझ में आएगा कि हमारे संपर्क में कितने हैं। अगर अविश्वास प्रस्ताव भी लाएंगे तो वे ही गिरेंगे। उनके और बाकी दलों के कितने लोग हमारे साथ खड़े होंगे, ये उन्हें नहीं पता हमें पता है।
हमारे तरकश में कई तीर हैं : अनिल विज
भाजपा नेता व हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि तीन विधायकों द्वारा कांग्रेस को समर्थन देने का दुख है। लेकिन हुड्डा साहब की ख्वाहिश कभी पूरी नहीं हो सकती। अभी हमारे तरकश में कई तीर हैं। हमारी ट्रिपल इंजन सरकार है। तीन इंजन इसकी देखभाल कर रहे हैं। नायब सिंह सैनी, मनोहर लाल और नरेंद्र मोदी पल-पल की जानकारी रखते हैं और उसका इलाज भी जानते हैं।
नैतिक आधार पर नेतृत्व करने लायक नहीं : दुष्यंत
राज्य में राजनीतिक घटनाक्रम के बीच सीएम नायब सिंह सैनी के बयान पर कभी भाजपा के सहयोगी रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री और जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज ये तो माना कि वह कमजोर हो चुके हैं। मुझे लगता है कि ऐसा सीएम, जो मानता है कि वह कमजोर है तो वह नैतिक आधार पर प्रदेश का नेतृत्व करने लायक नहीं है।