68वें वार्षिक ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 (68th Annual Grammy Awards) में भारतीय संगीत प्रेमियों के लिए खबर थोड़ी मायूसी भरी रही। लॉस एंजिल्स के पीकॉक थिएटर में आयोजित ‘प्रीमियर सेरेमनी’ में भारत की ओर से प्रबल दावेदार मानी जा रही दिग्गज सितार वादक अनुष्का शंकर एक बार फिर अवॉर्ड जीतने से चूक गईं।
अनुष्का शंकर: दो श्रेणियों में मिली हार
अनुष्का शंकर को इस साल दो श्रेणियों में नामांकित किया गया था, लेकिन दोनों ही श्रेणियों में उन्हें निराशा हाथ लगी:
- Best Global Music Performance: अनुष्का के ट्रैक ‘Daybreak’ (जिसमें आलम खान और सारथी कोरवार भी शामिल थे) को लैटिन सुपरस्टार बैड बनी (Bad Bunny) के गाने ‘EoO’ ने पछाड़ दिया।
- Best Global Music Album: उनके एल्बम ‘Chapter III: We Return to Light’ को ब्राजीलियाई आइकन मारिया बेथानिया के एल्बम ‘Caetano e Bethânia Ao Vivo’ से हार का सामना करना पड़ा।
अन्य भारतीय कलाकार भी रहे खाली हाथ
सिर्फ अनुष्का ही नहीं, बल्कि इस साल ग्रैमी की दौड़ में शामिल अन्य भारतीय कलाकार भी ट्रॉफी नहीं जीत सके:
- शक्ति (Shakti): दिग्गज फ्यूजन बैंड ‘शक्ति’ के लाइव एल्बम ‘Mind Explosion’ को ग्लोबल म्यूजिक एल्बम श्रेणी में और ‘Shrini’s Dream’ को परफॉर्मेंस श्रेणी में हार मिली।
- सिद्धांत भाटिया: उनके एल्बम ‘Sounds of Kumbha’ को भी सफलता नहीं मिल सकी।
- चारु सूरी: इंडो-अमेरिकन जैज पियानिस्ट चारु सूरी का एल्बम ‘Shayan’ भी ‘Best Contemporary Instrumental Album’ की रेस में पिछड़ गया।
अनुष्का ने क्यों बनाई समारोह से दूरी?
दिलचस्प बात यह है कि अनुष्का शंकर इस बार ग्रैमी समारोह में शामिल नहीं हुईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि वह अपनी मानसिक शांति (Mental Health) और भारत में अपने संगीत दौरों पर ध्यान केंद्रित करना चाहती थीं। उन्होंने लिखा कि उनके लिए अवॉर्ड से ज्यादा लोगों के साथ संगीत के जरिए जुड़ना महत्वपूर्ण है।
”यह मेरे करियर का 12वां और 13वां नामांकन था, जो अपने आप में बड़ी बात है। लेकिन इस बार मैंने रेड कार्पेट और तनाव से दूर रहकर भारत में संगीत यात्रा पर रहने का फैसला किया।” – अनुष्का शंकर


