कश्मीर घाटी इस समय कड़ाके की शीतलहर की चपेट में है, जहाँ न्यूनतम तापमान लगातार शून्य से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। यहाँ की रातें इस मौसम की सबसे ठंडी रातों में गिनी जा रही हैं। हाल ही में, न्यूनतम तापमान शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कश्मीर को लद्दाख से जोड़ने वाला जोजिला दर्रा सबसे ज्यादा ठंडा स्थान बना हुआ है, जहाँ न्यूनतम तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। पुलवामा में शून्य से 5 डिग्री सेल्सियस और शोपियां में शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। लंबे समय से सूखे की स्थिति है, और मौसम विभाग ने अगले सप्ताह भी शुष्क मौसम का पूर्वानुमान जताया है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय भारी पाला जम रहा है।
पंजाब और हरियाणा में भी बढ़ी ठंड
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने के कारण अब मैदानी इलाकों में भी ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। उत्तरी-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवाएँ पंजाब और हरियाणा के तापमान में गिरावट का मुख्य कारण बनी हुई हैं। पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में नारनौल 7.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अब दिल्ली में गिरेगा पारा
पहाड़ों की बर्फबारी और ठंडी हवाओं के प्रभाव से दिल्ली में भी अब पारा गिरने की संभावना है, जिससे ठंड में और इज़ाफ़ा होगा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन में मौसम साफ और धूप वाला रहने का अनुमान है। हिमालय की ओर से बर्फीली हवाओं का बहाव मैदानी इलाकों में ठंडक बढ़ा रहा है, जिससे दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी का असर महसूस हो रहा है। अगले कुछ दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने की संभावना है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में और बर्फबारी हो सकती है, जिसका सीधा असर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों जैसे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान पर पड़ेगा और ठंड और अधिक बढ़ेगी।


