More
    HomeHindi NewsDelhi Newsस्कूलों में पढ़ाया जाएगा 'ऑपरेशन सिंदूर' का चैप्टर, एनसीईआरटी ने की यह...

    स्कूलों में पढ़ाया जाएगा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का चैप्टर, एनसीईआरटी ने की यह बड़ी तैयारी

    राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने देश के स्कूली छात्रों को भारत की सैन्य शक्ति, रणनीतिक क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्व से परिचित कराने के लिए अपनी तैयारी तेज़ कर दी है। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, अब कक्षा 3 से लेकर 12 तक के स्कूली पाठ्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर एक विशेष मॉड्यूल शामिल किया जाएगा। इसके लिए बकायदा मॉड्यूल तैयार कर लिया गया है, जो जल्द ही जारी किया जाएगा।

    यह पहल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की विस्तृत जानकारी छात्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। इस मॉड्यूल में यह बताया जाएगा कि कैसे भारत ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रक्षा, कूटनीति और विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय कितना महत्वपूर्ण है।

    एनसीईआरटी दो अलग-अलग मॉड्यूल तैयार कर रहा है:

    • पहला मॉड्यूल कक्षा 3 से 8 तक के छात्रों के लिए होगा।
    • दूसरा मॉड्यूल कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए होगा।

    भारत की सैन्य शक्ति से अवगत कराना उद्देश्य

    प्रत्येक मॉड्यूल 8 से 10 पृष्ठों का होगा और इसमें भारत की उपलब्धियों और सशस्त्र बलों के पराक्रम का वर्णन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को भारत की सैन्य शक्ति से अवगत कराना और यह बताना है कि कैसे पाकिस्तान को एक बार फिर हराया गया। यह मॉड्यूल मुख्य पाठ्यपुस्तकों का हिस्सा नहीं होंगे, बल्कि अलग से पूरक सामग्री के रूप में उपलब्ध होंगे, जिनका उपयोग स्कूल अपनी आवश्यकतानुसार कर सकेंगे।

    ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अलावा, एनसीईआरटी ‘मिशन LiFE’ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली), विभाजन की विभीषिका, और भारत की अंतरिक्ष शक्ति (चंद्रयान, आदित्य एल1 और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा) जैसे विषयों पर भी मॉड्यूल तैयार कर रहा है।

    इन मॉड्यूलों का लक्ष्य छात्रों में देश के प्रति गर्व की भावना जगाना और उन्हें राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों के बारे में शिक्षित करना है। यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शिक्षा को वर्तमान राष्ट्रीय मुद्दों और उपलब्धियों से जोड़ने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments