उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम का एक कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में हडक़ंप मच गया है। इस वीडियो में अमर किशोर कश्यप को पार्टी कार्यालय के भीतर एक महिला कार्यकर्ता के साथ अनुपयुक्त स्थिति में देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है और सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। वायरल हो रहा यह वीडियो 12 अप्रैल का बताया जा रहा है, जो पार्टी कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ था। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कार्यकर्ता सीढिय़ों से ऊपर चढ़ रही है और बीजेपी जिलाध्यक्ष उसके पीछे हैं। एक पल में, वे महिला के कंधे पर हाथ रखते हैं और फिर कुछ कदम साथ चलते हुए उसे गले लगाते हैं।
बीजेपी नेता की सफाई और महिला का बयान
वीडियो वायरल होने के बाद अमर किशोर कश्यप ने अपनी सफाई पेश की है। उनका कहना है कि यह वीडियो उनके राजनीतिक विरोधियों द्वारा उन्हें बदनाम करने के लिए गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में दिख रही महिला पार्टी की एक सक्रिय कार्यकर्ता है, जो उस दिन अस्वस्थ महसूस कर रही थी। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता को चक्कर आ रहा था और वह गिरने लगी थी, इसलिए मैंने उसे सहारा दिया। अगर किसी कार्यकर्ता की मदद करना गलत है, तो मैंने गलत किया है। इस बीच, वीडियो में दिख रही महिला भी सामने आई है। उसने छपिया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वायरल हो रहे वीडियो से उसके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। उसने जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पिता जैसा बताया है और आरोप लगाया है कि यह एक राजनीतिक साजिश है, जिसके तहत उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। महिला ने कहा कि वह जिलाध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद मानती है और उन्होंने उसके साथ कुछ भी गलत नहीं किया।
चक्कर आया तो गिरने से बचाया
महिला ने एक वीडियो में कहा कि मैं लखनऊ से लौटी थी। मेरी तबियत खराब थी। जिलाध्यक्ष ने आराम करने के लिए मुझे बीजेपी ऑफिस पर छोड़ दिया। मैंने हील सैंडल पहने हुए थे। सीढिय़ां चढ़ते वक्त मुझे चक्कर आ गए। उन्होंने मुझे गिरने से बचाया। वो पिता तुल्य हैं।