देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, वहीं कुछ राज्यों में आंधी और बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल रही हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) ने विभिन्न राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। राजस्थान इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई शहरों में पारा लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। श्रीगंगानगर में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री, पिलानी में 45.3 डिग्री और फलोदी में 45.0 डिग्री रहा। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यहां राहत की संभावना
जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में आज दोपहर बाद गरज के साथ आंधी चलने की संभावना है। वहीं, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक दोपहर बाद मेघ गर्जन, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जो लुढक़कर 34.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश-पंजाब में मौसम का मिजाज
मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। अलग-अलग मौसम सिस्टम सक्रिय होने के कारण बारिश की स्थिति बनी हुई है। आज कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, एस.ए.एस. नगर (मोहाली), फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर में भी बारिश का अलर्ट है। हालांकि, फिरोजपुर, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा, मुक्तसर और फाजिल्का जैसे जिलों में अभी भी भीषण गर्मी बनी रहेगी। हरियाणा में भी गर्मी परेशान करेगी। उत्तराखंड में बादल छाए रहेंगे जिससे गर्मी से कुछ हद तक राहत रहेगी। कुल मिलाकर, देश के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है, जबकि उत्तरी और मध्य भागों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
तीन दिन पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट
आईएमडी वैज्ञानिक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जोधपुर, बीकानेर संभाग और सिखावटी क्षेत्र के कई हिस्सों में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। आज से फिर दक्षिण पूर्वी राजस्थान यानि कोटा उदयपुर संभाग में दोपहर बाद बादल छाने और तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अगले चार पांच दिन पूर्वी और उत्तरी राजस्थान में आंधी चलने की सक्रियता की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले तीन दिन पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।