संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, द्वितीय महिला उषा वेंस के साथ दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी का स्वागत किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, द्वितीय महिला उषा वेंस अपने बच्चों के साथ अक्षरधाम मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। उषा वेंस, जे.डी. वेंस की पत्नी हैं, जो वर्तमान में संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति हैं। इस प्रकार, उन्हें द्वितीय महिला के रूप में जाना जाता है।
हिंदू धर्म को मानती हैं उषा वेंस
उषा वेंस भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक हैं। उनके माता-पिता भारत से अमेरिका में आकर बस गए थे। उनके माता-पिता आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले के रहने वाले हैं। उषा वेंस एक वकील हैं और उन्होंने येल लॉ स्कूल से कानून की डिग्री प्राप्त की है। उषा वेंस ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों जैसे जॉन रॉबट्र्स, ब्रेट कैवनॉग और अमूल थाप के लिए कानून क्लर्क के रूप में भी कार्य किया है। उषा वेंस और जे.डी. वेंस ने 2014 में शादी की और उनके तीन बच्चे हैं। उषा वेंस हिंदू धर्म का पालन करती हैं।
भारत दौरे से ये उम्मीदें
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 27 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। हालांकि ये चीन की तुलना में काफी कम है। प्रधानमंत्री मोदी कुछ माह पहले ही अमेरिका का दौरा कर चुके हैं। अब वेंस के भारत दौरे से उम्मीदें बढ़ गई हैं। ऐसे में टैरिफ विवाद का हल निकलने के साथ ही व्यापार में बढ़ोत्तरी और रक्षा समेत हथियारों की डील पर भी चर्चा हो सकती है। इसके साथ आतंकवाद के मुद्दे पर दोनों देश एक साथ आ सकते हैं। बहरहाल अब देखने वाली बात होगी कि उनके दौरे से भारत और अमेरिका को क्या हासिल होता है।