26/11 मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का बयान आया है। उन्होंने कहा कि तहव्वुर राणा 26/11 हमलों में शामिल था और उसका प्रत्यर्पण केवल इसलिए संभव हो सका क्योंकि हमारी यूपीए सरकार ने सही समय पर उसका नाम जांच में डाला और उसे अमेरिका में गिरफ्तार किया गया। 14 साल की सजा पूरी करने के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया। इसमें कोई श्रेय मोदी जी को नहीं जाता है। गौरतलब है कि जब हमला हुआ तब केंद्र और राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख की काफी आलोचना हुआ थी। उस समय दिग्विजय सिंह ने हेमंत करकरे पर सवाल उठाए थे।
2008 में हुआ था मुंबई अटैक
2008 के मुंबई आतंकी हमले में 166 लोगों की जान गई थी। तब ताज होटल, सीएसटी समेत कई स्थानों पर हमला हुआ था। इस हमले में कई पुलिसकर्मी शहीद हुए थे, जिसमें मुंबई पुलिस के 3 बड़े अधिकारी भी शामिल थे। पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आए आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने इस भीषण हमले को अंजाम दिया था। तहव्वुर राणा इस साजिश के मुख्य षड्यंत्रकारियों में से एक था और उसने रैकी की थी। सुरक्षाबलों के हाथों लश्कर-ए-तैयबा के नौ आतंकियों की मौत हो गई थी। इस हमले में छह अमेरिकी नागरिक भी मारे गए थे।