हरियाणा के मुख्मयंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं यह मानता हूं कि कांग्रेस ने अपना राजनीतिक लाभ लेने के लिए वक्फ में इस प्रकार के संशोधन किए थे, जिससे समाज और वक्फ को नुकसान हुआ है। कांग्रेस लोगों को भडक़ाने का काम कर रही है। वक्फ संशोधन विधेयक से वक्फ की भूमि सुरक्षित होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की है। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधेयक की सराहना की है।
जनजातीय अधिकारों और उनके हितों की रक्षा होगी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वक्फ बिल के दोनों सदनों से पारित होने पर बधाई। यह बिल जनजातीय अधिकारों और उनके हितों की रक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। बिल में यह प्रावधान किया गया है कि 5वीं और 6वीं अनुसूची के क्षेत्रों में किसी भी संपत्ति को वक्फ घोषित नहीं किया जा सकेगा। इससे आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जों पर प्रभावी रोक लगेगी और जनजातीय संस्कृति को संरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन बिल पारदर्शिता, जवाबदेही और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। यह बिल भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का प्रमाण है। जिस प्रकार से इस बिल पर व्यापक चर्चा हुई है, वह हमारे संसदीय विमर्श की परिपक्वता को दर्शाता है। एक और पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि वक्फ कानून में संशोधन इसकी संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इस बिल का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों में हस्तक्षेप नहीं, बल्कि प्रशासनिक सुधार और न्यायिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
महत्वपूर्ण कदम साबित होगा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और आपके मार्गदर्शन में निश्चित तौर पर वक्फ संशोधन विधेयक मुस्लिम समाज के वंचित वर्गों, विशेष रूप से मुस्लिम महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस ऐतिहासिक विधेयक के लिये समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार और अभिनंदन।