उप्र के मेरठ हत्याकांड पर बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मेरठ का मामला बहुत ही निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। वर्तमान समाज में घटती हुई परिवार की व्यवस्था, पाश्चात्य संस्कृति का आगमन और लव के चक्कर में विवाहित पुरुष अथवा स्त्री तलाक व परिवारों को मिटाने की साजिशों को पूर्ण कर रहे हैं। ये संस्कारों की कमी है। जिनका भी बेटा या बेटी इस तरह के कृत्य कर रहा है, उनके पालन पोषण की कमी है। इसलिए संस्कारवान परिवार बनाने के लिए प्रत्येक भारतीय को रामचरितमानस का आधार लेना आवश्यक है।
मेरठ कांड से हर कोई हैरान
मेरठ में एक भयावह हत्याकांड सामने आया, जिसमें एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। घटना मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके में हुई। सौरभ राजपूत मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे। उनकी पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी। दोनों ने सौरभ के शरीर को कई टुकड़ों में काटा और फिर उन्हें एक प्लास्टिक के ड्रम में भरकर सीमेंट से भर दिया। पुलिस ने मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मुस्कान और साहिल के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने सौरभ को रास्ते से हटाने के लिए यह खौफनाक साजिश रची। मुस्कान ने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की। उसने अपने पड़ोसियों को बताया कि सौरभ हिल स्टेशन पर गया हुआ है। इस क्रूर हत्या से मेरठ शहर में सनसनी फैल गई है। लोग इस घटना से स्तब्ध और भयभीत हैं। यह घटना रिश्तों में विश्वासघात और अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाती है।