न्यूजीलैंड में बेहद शक्तिशाली भूकंप आया है। भूकंप का केंद्र साउथ आउइलैंड के दक्षिण-पश्चिमी सिरे पर 10 किमी की गहराई पर था। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 आंकी है। भूकंप के बाद सुनामी के खतरे को लेकर आकलन किया जा रहा है। न्यूजीलैंड के रिवर्टन तट पर शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। भूकंप से संबंधित मौतों और आर्थिक नुकसान को लेकर ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। यह आकलन हताहतों और महत्वपूर्ण नुकसान की कम संभावना को दर्शाता है। दरअसल प्रभावित क्षेत्र की अधिकांश आबादी भूकंप रोधी ढांचे रहती है। हालांकि कुछ कमजोर इमारतें जोखिम में हो सकती हैं।
संवेदनशील है न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड में शक्तिशाली भूकंपों का इतिहास रहा है, क्योंकि यह टेक्टोनिक रूप से सक्रिय ऑस्ट्रेलिया-प्रशांत प्लेट की सीमा के पास स्थित है। न्यूजीलैंड के इतिहास में सबसे विनाशकारी भूकंपों में से एक 2011 में क्राइस्टचर्च में आया था। 6.3 तीव्रता वाले भूकंप के चलते 185 लोग मारे गए थे। 1900 के बाद से न्यूजीलैंड के पास 7.5 या उसके अधिक तीव्रता के लगभग 15 भूकंप दर्ज किए गए हैं। 9 भूकंप मैक्वेरी रिज के पास आए थे। 1989 में रिज पर 8.2 तीव्रता का भूकंप आया था। न्यूजीलैंड की जमीन पर दर्ज सबसे शक्तिशाली भूकंप 1931 में आया 7.8 तीव्रता का था। हॉक बे में आए इस भूकंप में 256 लोग मारे गए थे।