देवभूमि उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के लिए आज से आठ हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर उड़ान भरेंगे। इससे यात्रियों को केदारनाथ धाम पहुंचने में आसानी होगी। अभी तक दो कंपनियां गुप्तकाशी और शेरसी से उड़ान संचालित हो रही थीं। छह हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर शाम को केदारघाटी पहुंच गए हैं। थंबी, पवनहंस, क्रिस्टल, एरो, ग्लोबल वेक्ट्रा और आर्यन कंपनी के हेलिकॉप्टर भी केदारघाटी पहुंच गए हैं। इन कंपनियों के हेलीकॉप्टर गुप्तकाशी, मैखंडा, जामू, शेरसी आदि स्थानों से उड़ान भरेंगे।
10 मई से खुले हैं कपाट
ये कंपनियां यात्रा के पहले चरण के पूरा होते ही 20 जून से 3 जुलाई तक वापस चली गई थीं। मानसून सीजन में हिमालयन हेलि और ट्रांस भारत कंपनी के हेलिकॉप्टर उड़ान भरते रहे। 10 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद से अभी तक हेलीकॉप्टर से 70 हजार से अधिक यात्री केदारनाथ पहुंचकर दर्शन कर चुके हैं। 69 हजार से अधिक यात्री दर्शन कर वापस लौटे हैं।