छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के अंतर्गत जंगलों में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 31 नक्सली मारे गए हैं। मृतक नक्सलियों के शव बरामद किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर मुठभेड़ पर कहा कि बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में कई कैंपों से 650 से ज्यादा जवानों ने ऑपरेशन लॉन्च किया था। कई दिनों तक ऑपरेशन चला, जिसके बाद आज 31 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। उनके पास से AK-47, INSAS, BGL लॉन्चर और बड़े हथियार बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में हमारे 2 जवान शहीद हो गए और 2 जवान घायल हुए हैं, जिन्हें एयरलिफ्ट किया गया है।
पुलिस बल की बड़ी कामयाबी
31 नक्सलियों के मारे जाने को छत्तीसगढ़ सरकार और पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। एक माह पहले भी छत्तीसगढ़ पुलिस ने कई नक्सलियों को ढेर किया था। केंद्र सरकार ने नक्सलियों के सफाये के लिए 2026 तक का लक्ष्य रखा है। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी दिशा में आगे बढ़ रही है और नक्सलियों का लगातार सफाया कर रही है।
अलग-अलग मुठभेड़ों में 65 माओवादियों के शव बरामद
बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर बीजापुर DRG, STF और संयुक्त बल को रवाना किया गया। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में अब तक कुल 31 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। हमारे 2 जवान घायल हुए हैं, उनकी हालत स्थिर है। सर्च ऑपरेशन जारी है। इस मुठभेड़ में हमारा एक DRG और एक STF का जवान शहीद हो गए। साल 2025 में अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में 65 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।