मौसम लगातार करवट बदल रहा है। ठंड की विदाई के साथ ही अब गर्मी धीरे-धीरे रंग दिखने लगी है। होली के बाद गर्मी और तेज होने लगेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस साल भीषण गर्मी पड़ सकती है। गर्मी 125 साल का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। इसके पीछे की वजह जलवायु परिवर्तन के कारण ठंडक पहुंचाने वाला ला नीना अपना असर खोना है। इसका असर गुजरात में दिखने लगा है और वहां मार्च के महीने में ही लू चलने लगी है। दिल्ली में दिन का तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो ला नीना प्रशांत महासागर में समुद्री तापमान को ठंडा कर दुनिया के कई हिस्सों में ठंडक बढ़ाता है। लेकिन जलवायु परिवर्तन के कारण अब इसका प्रभाव कमजोर पड़ रहा है।
अध्ययन के बाद सामने आई रिपोर्ट
आईआईटी बॉम्बे और आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञों ने इसका अध्ययन किया है। उनका कहना है कि वैश्विक तापमान में लगातार वृद्धि से ला नीना भी भविष्य में गर्मी से राहत नहीं दिला पाएगा। यह अध्ययन विश्व मौसम विज्ञान संगठन और यूरोप के कोपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस की रिपोर्टों के साथ दोनों आईआईटी के वैज्ञानिकों के विश्लेषण पर आधारित है। अध्ययन में बताया गया है कि 2024 में उष्णकटिबंधीय प्रशांत महासागर में ठंडे पानी का क्षेत्र कमजोर था। कुछ हिस्सों में सामान्य से ज्यादा गर्म पानी बना रहा। इससे यह संकेत हैं कि ला नीना अब पहले जैसा प्रभावी नहीं रहा। लिहाजा, आने वाले वर्षों में गर्मियों की अवधि बढ़ सकती है।
फरवरी में भी रही तपन
मौसम विभाग के अनुसार, 2024 की गर्मियों में लू के सबसे अधिक दिन रिकॉर्ड किए गए, जो 14 साल में सबसे अधिक हैं। फरवरी 2025, 1901 के बाद की सबसे गर्म फरवरी रही। मार्च से ही गर्मी सामान्य से ज्यादा रह सकती है। इसका असर ही है कि होली आई भी नहीं है और गुजरात में लू चलने लगी है। दिल्ली में दिन का तापमान 35 डिग्री को पार कर सकता है।