उत्तराखंड के देहरादून में नवरात्रि में कुट्टू का आटा खाने से करीब 100 लोग बीमार हो गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फूड पॉइजनिंग के कारण भर्ती मरीजों का हाल जानने देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान डॉक्टरों को मरीजों को उचित उपचार देने के निर्देश दिए। इस आटे की सप्लाई उप्र के सहारनपुर के डीलर से हुई थी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिस दुकान से आटे की बिक्री हुई, वो सील कर दी गई है, बाकी दुकानें चिह्नित की जा रही हैं।
नोटिस दिया, सहारनपुर प्रशासन को भी सूचित किया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आटा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सप्लाई किया गया था। डीलर की दुकान को सील कर दिया गया है। जिन अन्य जगहों पर आटा सप्लाई किया गया था, उन सभी को नोटिस दिया गया है। सीएम धामी ने कहा कि हमने सहारनपुर प्रशासन को इस बारे में सूचित कर दिया है। बीमार हुए लोगों का यहां इलाज चल रहा है। जो भी इसके लिए जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सीएम धामी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।