उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बाबा केदार की पवित्र भूमि जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में आयोजित लखपति दीदी अभियान-शक्ति को सम्मान कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने प्रदेश भर से हजारों की संख्या में पहुँची मातृशक्ति को संबोधित किया। इस दौरान लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत की 141 विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने मातृशक्ति द्वारा लगाए गए विभिन्न हस्त निर्मित उत्पादों के स्टालों का अवलोकन कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने शक्ति स्वरूपा कन्याओं का पूजन कर उनका आशीष प्राप्त किया। सीएम धामी ने कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। कुछ लोग केदारनाथ की जनता को भ्रामक जानकारी देकर गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हमें ऐसे लोगों की बातों में नहीं आना है। ऐसे लोगों को जनता आने वाले समय में सबक सिखाएगी। हमारा लक्ष्य जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विकास की राह पर निरंतर अग्रसर होना है।
विकास में हमारी मातृशक्ति का विशेष योगदान
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव जैसी योजनाएं गेम चेंजर साबित हो रही हैं। हाउस ऑफ़ हिमालयाज़ के माध्यम से महिलाओं के बनाए उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के साथ-साथ उन्हें नए बाजारों तक पहुँचाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि देश में हो रहे अभूतपूर्व विकास में हमारी मातृशक्ति का विशेष योगदान है। महिला सशक्तिकरण हेतु हमारी सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।