HomeHindi NewsChhattisgarh NewsVIDEO: हमारे श्रीराम सीधे, तुम्हारे श्रीकृष्ण टेढ़े, बाबा बागेश्वर का बयान, दिग्विजय...

VIDEO: हमारे श्रीराम सीधे, तुम्हारे श्रीकृष्ण टेढ़े, बाबा बागेश्वर का बयान, दिग्विजय बोले मूर्ख, भूपेश ने कहा-रेबीज की जांच हो

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर माफी मांग चुके हैं, लेकिन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्रियों ने उनके बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दिग्विजय सिंह ने शास्त्री को मूर्ख बताते हुए सवाल उठाया कि वे कब से बाबा बन गए, वहीं भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए उनकी रेबीज जांच कराने तक की बात कह दी। विवाद अब धार्मिक टिप्पणी से आगे बढ़कर राजनीतिक बयानबाजी का रूप ले चुका है।

दिग्विजय सिंह ने बताया मूर्ख

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इन दिनों ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकाल रहे हैं। इसी दौरान उनसे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कथावाचक को ‘मूर्ख’ बताते हुए कहा कि ये कब से बाबा बन गए।

दिग्विजय सिंह के साथ मौजूद कंप्यूटर बाबा ने भी शास्त्री पर निशाना साधा। उन्होंने उन्हें राजनीतिक बाबा बताते हुए कहा कि कुछ लोगों को राजनीतिक कारणों से आगे बढ़ाया जाता है, जबकि उनमें ज्ञान का अभाव होता है।

दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने भी इस मामले में नाराजगी जताई है। उन्होंने वीडियो जारी कर लोगों से धीरेंद्र शास्त्री का बहिष्कार करने की अपील की। वहीं, दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह और उनका परिवार बाबा के अनुयायी बताए जाते हैं। जयवर्धन सिंह पहले उन्हें राघौगढ़ किले में आमंत्रित भी कर चुके हैं।

भूपेश बघेल का तीखा तंज

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘कोई तो केमिकल लोचा है। इनकी रेबीज वगैरह की जांच करवाना ठीक होगा।’

बघेल ने शास्त्री पर हिंदुओं के आराध्य देवी-देवताओं की खिल्ली उड़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि हिंदू धर्म के ठेकेदारों की भावनाएं इस मामले में क्यों आहत नहीं हो रही हैं। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी राजनीतिक और धार्मिक बहस तेज हो गई है।

क्या था पूरा विवाद?

दरअसल, 28 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना की थी। उन्होंने भगवान राम को सीधे खड़े होने वाला बताया, जबकि श्रीकृष्ण की मुद्रा को तीन जगह से टेढ़ा बताया। अयोध्या और वृंदावन की तुलना करते हुए उनका कहना था कि “हमारे वाले भगवान (श्रीराम) खड़े भी होते हैं तो एकदम सीधे होते हैं, उनका धाम भी अयोध्या सीधा है। जबकि तुम्हारे वाले (श्रीकृष्ण) का नाम भी टेढ़ा है, चलते भी टेढ़े हैं और खड़े भी तीन जगह से टेढ़े (त्रिभंग मुद्रा) होते हैं। पैर के ऊपर पैर, कमर लचकाएं, बंसी बजाएं तो टेढ़े। धाम भी वृंदावन टेढ़ा है। बांसुरी बजाना खेल है, लेकिन धनुष चलाना खेल नहीं।

वीडियो वायरल होने के बाद मथुरा के संतों और यादव समाज के कुछ लोगों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि दोनों आराध्य देवताओं की इस तरह तुलना करना अनुचित है।

विवाद बढ़ने पर मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी और माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य भगवान राम और श्रीकृष्ण में भेद करना या किसी की भावनाएं आहत करना नहीं था। वे स्वयं श्रीकृष्ण के भक्त हैं और उनकी टिप्पणी भावावेश में कही गई थी।

हालांकि, माफी के बावजूद राजनीतिक नेताओं के हमले जारी हैं। ऐसे में यह विवाद धार्मिक भावनाओं, सार्वजनिक बयानबाजी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments