एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत ए को पाकिस्तान ए के खिलाफ 48 रन से हार का सामना करना पड़ा। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम 314 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 265 रन पर सिमट गई। कप्तान तिलक वर्मा के शतक और अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी के बावजूद भारत जीत हासिल नहीं कर सका। इस हार के पीछे गेंदबाजी की कमजोरियां और बल्लेबाजों का गैरजिम्मेदाराना प्रदर्शन प्रमुख कारण रहे।
पाकिस्तान ने दिया था 314 रन का लक्ष्य
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ए ने 49.2 ओवर में 313 रन बनाए। उसकी ओर से हसन नवाज ने 79, माज सदाकत ने 59 और फरहान यूसुफ ने 56 रन की पारियां खेलीं। भारतीय गेंदबाज पाकिस्तान को बड़े स्कोर से रोकने में नाकाम रहे। जवाब में भारत की शुरुआत भी खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
हार के लिए जिम्मेदार छह खिलाड़ी
1. हर्षित राणा: तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने 10 ओवर में 77 रन खर्च किए। उन्होंने दो विकेट जरूर लिए, लेकिन उनकी इकॉनमी 7.70 रही। बल्लेबाजी में भी वह दो गेंद खेलकर शून्य पर आउट हो गए। उनका महंगा स्पेल भारत को भारी पड़ा।
2. तिलक वर्मा: कप्तान तिलक ने 149 गेंदों में 100 रन बनाए, लेकिन उनकी धीमी शुरुआत ने टीम पर दबाव बढ़ा दिया। पारी की शुरुआती 36 गेंदों में वह सिर्फ आठ रन बना सके। लक्ष्य का पीछा करते समय रन गति बनाए रखना भी जरूरी था।
3. वैभव सूर्यवंशी: युवा सलामी बल्लेबाज वैभव 11 रन बनाकर आउट हो गए। उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन उनका विकेट जल्दी गिरने से मध्यक्रम पर दबाव बढ़ गया।
4. आयुष बदोनी: मध्यक्रम के बल्लेबाज आयुष बदोनी इस मुकाबले में खाता भी नहीं खोल सके। वह शुरुआत में ही बोल्ड हो गए। उनसे टीम को अहम योगदान देने की उम्मीद थी, लेकिन वह नाकाम रहे।
5. कुमार कुशाग्र: विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनका विकेट गिरने से भारत की मुश्किलें और बढ़ गईं।
6. रिंकू सिंह: फिनिशर के तौर पर पहचान रखने वाले रिंकू सिंह भी इस मैच में प्रभाव नहीं छोड़ सके। वह छह रन बनाकर आउट हो गए। उनसे मध्यक्रम में बड़ी पारी की उम्मीद थी।
अभिषेक और तिलक की मेहनत भी नहीं आई काम
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 42 गेंदों में 70 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने छह छक्के और चार चौके लगाए। वहीं तिलक वर्मा ने 100 रन बनाकर संघर्ष जारी रखा। शाहबाज अहमद ने भी 56 रन बनाए। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी हुई।
हालांकि, शाहबाज के आउट होते ही भारत की उम्मीदें टूटने लगीं। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस हार के बाद भारत ए के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। टीम को 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ मुकाबला जीतना होगा, ताकि अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रहें।


