HomeHindi NewsDelhi Newsनेपाल को 24 हजार करोड़ का विकास पैकेज देगा भारत, PM मोदी...

नेपाल को 24 हजार करोड़ का विकास पैकेज देगा भारत, PM मोदी ने बालेंद्र शाह के सामने किया बड़ा ऐलान

भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच विकास सहयोग को लेकर अहम घोषणाएं की गईं। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास पैकेज देने की घोषणा की। इस पहल का उद्देश्य नेपाल के बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और विकास परियोजनाओं को गति देना है। दोनों नेताओं ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की और आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।

24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज क्यों अहम?

प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त बयान में कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोसियों का नहीं, बल्कि परिवार और अटूट विश्वास का है। भारत ने नेपाल को विकास के लिए करीब 1.62 अरब डॉलर यानी 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये का पैकेज देने की घोषणा की है। नेपाली मुद्रा में इसकी कीमत लगभग 24 हजार करोड़ रुपये बैठती है।

यह सहायता नेपाल में विकास और पुनर्निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। खासतौर पर अगस्त में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण पर ध्यान दिया जाएगा।

नेपाल में बनेगा IIT का ऑफशोर कैंपस

इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल ने शिक्षा तथा तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा दोनों देश मिलकर स्टार्टअप इनक्यूबेटर और इनोवेशन हब भी विकसित करेंगे।

नेपाली विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और तकनीक के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे। नेपाल में कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और उनकी कीमत बढ़ाने के लिए एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की भी योजना है।

ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर भी बड़ा जोर

दोनों प्रधानमंत्रियों ने बिजली, जलविद्युत, व्यापार और परिवहन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। भारत लंबे समय से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करता रहा है। मोदी ने कहा कि ऊर्जा आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन, खाद और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखी।

अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ भी इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा। इससे दोनों देशों के धार्मिक पर्यटन और आम लोगों के संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।

चीन के प्रभाव के बीच भारत की अहम पहल

नेपाल दक्षिण एशिया में भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पड़ोसी है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा, व्यापार, संस्कृति और पारिवारिक संबंध लंबे समय से चले आ रहे हैं। ऐसे में विकास पैकेज और नई परियोजनाओं की घोषणा को द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

बालेंद्र शाह की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने का रास्ता खुला है। अब इन घोषणाओं को जमीन पर उतारना दोनों सरकारों के लिए अहम होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments