देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के बड़े ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ असुरक्षित पानी के मामले में अभियोजन की मंजूरी दे दी है। मामला कंपनी के गोवा स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिए गए पानी के एक सैंपल से जुड़ा है। जांच में पानी के भीतर निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट और बाद की जांच में हानिकारक रासायनिक तत्व पाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, कंपनी ने नियामक के निष्कर्षों पर सवाल उठाते हुए पानी को सुरक्षित बताया है।
जांच में क्या मिला था?
FSSAI के मुताबिक, बिसलेरी के गोवा प्लांट से 30 सितंबर 2025 को पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के छह सैंपल लिए गए थे। कंपनी के अनुसार, शुरुआती जांच में पांच सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
इस तरह एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय मानक से दो माइक्रोग्राम अधिक मिली। इसके बाद कंपनी ने जांच के नतीजों को चुनौती दी और सैंपल को दोबारा परीक्षण के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया।
FSSAI के अनुसार, दूसरी प्रयोगशाला ने भी सैंपल को असुरक्षित घोषित किया। इस बार जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। ये ऐसे रासायनिक यौगिक हैं, जिनमें कुछ स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं।
कंपनी ने क्या दिया जवाब?
FSSAI की कार्रवाई के बाद बिसलेरी ने 23 नवंबर को अपना पक्ष रखा। कंपनी का कहना है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है।
बिसलेरी के मुताबिक, उसने 22 नवंबर 2025 को शुरुआती जांच के खिलाफ अपील की थी। रेफरल लैब ने ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई थी, हालांकि उसने अलग से PAHs की मौजूदगी बताई थी।
कंपनी ने इसके बाद उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र प्रयोगशाला में भी कराई। बिसलेरी का दावा है कि इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली। कंपनी ने 2 फरवरी 2026 को अपनी रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेजी थी।
नोटिस नहीं मिलने का भी दावा
बिसलेरी ने कहा कि स्वतंत्र जांच रिपोर्ट भेजने के बाद उसे नियामक की ओर से कोई और सूचना नहीं मिली। इसलिए कंपनी को लगा कि मामला बंद हो चुका है। उसका यह भी दावा है कि उसे अभियोजन संबंधी नोटिस ईमेल या हार्ड कॉपी के माध्यम से नहीं मिला और FSSAI की वेबसाइट पर भी यह नोटिस नहीं मिला।
कंपनी का कहना है कि वह अपनी 10 चरणों वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण करती है। पेयजल की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और वह नियामक के साथ सहयोग जारी रखेगी।
क्या पूरे बिसलेरी ब्रांड पर उठे सवाल?
फिलहाल नियामक की कार्रवाई गोवा प्लांट से लिए गए एक सैंपल से संबंधित है। इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी के सभी प्लांट या बाजार में उपलब्ध सभी बोतलों का पानी असुरक्षित है। अभियोजन की मंजूरी कानूनी कार्रवाई का रास्ता खोलती है, लेकिन यह अदालत में दोष साबित होने के बराबर नहीं है।
इस मामले में अब सबसे अहम सवाल यह है कि प्रयोगशालाओं की अलग-अलग रिपोर्टों और PAHs की मौजूदगी को लेकर आगे क्या निष्कर्ष निकलता है। अंतिम फैसला कानूनी प्रक्रिया और संबंधित जांच के आधार पर होगा।


