रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस से लेकर सोशल मीडिया तक खूब चर्चा बटोर रही है। फिल्म में जमील जमाली का किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी को भी दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। हालांकि, अभिनेता का कहना है कि उन्होंने अपने करियर में इससे भी बड़ी सफलता देखी है। उन्होंने अपनी 1981 में रिलीज हुई फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में फिल्म का क्रेज आज की पीढ़ी के लिए कल्पना से परे है। इतना ही नहीं, फिल्म में उनके किरदार से नाराज दर्शक उन्हें जान से मारने की धमकी तक देते थे।
‘धुरंधर’ से बड़ी हिट थी ‘एक दूजे के लिए’
गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2026 के दौरान राकेश बेदी ने अपनी फिल्मी यात्रा और ‘धुरंधर’ की सफलता पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी पुरानी फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ को याद किया। अभिनेता ने कहा कि आज की पीढ़ी कल्पना भी नहीं कर सकती कि उस फिल्म को कितनी बड़ी सफलता मिली थी।
राकेश बेदी के मुताबिक, ‘एक दूजे के लिए’ की लोकप्रियता ‘धुरंधर’ से भी ज्यादा थी। उन्होंने कहा कि उस समय सोशल मीडिया नहीं था। आज एक बटन दबाते ही किसी फिल्म की लोकप्रियता पूरी दुनिया में पहुंच जाती है, लेकिन पहले ऐसा कोई माध्यम नहीं था। इसके बावजूद फिल्म ने दर्शकों के बीच जबरदस्त पहचान बनाई थी।
चार-पांच साल तक सिनेमाघरों में चली फिल्म
राकेश बेदी ने बताया कि ‘एक दूजे के लिए’ भारत के अलग-अलग शहरों में चार से पांच साल तक सिनेमाघरों में चलती रही। फिल्म की कहानी और किरदारों से दर्शक इस कदर जुड़ गए थे कि वे पर्दे पर दिखाई देने वाली घटनाओं को वास्तविक मानने लगे थे।
के. बालाचंदर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कमल हासन और रति अग्निहोत्री मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म में दोनों की प्रेम कहानी दिखाई गई थी, जिसे परिवार और सामाजिक परिस्थितियों के विरोध का सामना करना पड़ता है। फिल्म का दुखद अंत दर्शकों को भावुक कर गया था।
विलेन बने तो मिलने लगीं जान से मारने की धमकियां
राकेश बेदी ने फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प और हैरान करने वाला किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में उन्होंने एक मजाकिया अंदाज वाले विलेन का किरदार निभाया था। उनकी वजह से ही फिल्म के हीरो और हीरोइन की मौत हो जाती है।
इस बात से दर्शक इतने नाराज हो गए कि अभिनेता को चिट्ठियां लिखकर जान से मारने की धमकी देने लगे। बेदी ने बताया कि उस दौर में फोन और सोशल मीडिया का आज जैसा इस्तेमाल नहीं था, इसलिए लोग पत्र भेजकर अपना गुस्सा जाहिर करते थे। कुछ पत्रों में लिखा होता था कि तुम्हारी वजह से हीरो-हीरोइन की मौत हुई है, हम तुम्हें मार डालेंगे।
‘धुरंधर’ की सफलता को बताया बेमिसाल
राकेश बेदी ने ‘धुरंधर’ की लोकप्रियता को भी कम नहीं आंका। उन्होंने कहा कि पिछले 10-15 वर्षों में उन्हें इतनी बड़ी सफलता का अनुभव नहीं हुआ। उनकी कई फिल्में सफल रही हैं, लेकिन ‘धुरंधर’ जैसा दर्शकों का प्यार अलग स्तर का है।
उन्होंने अपने लोकप्रिय टीवी शो ‘ये जो है जिंदगी’ का भी जिक्र किया। अभिनेता के मुताबिक, उस समय सोशल मीडिया नहीं होने के कारण सफलता का दायरा सीमित रहता था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म विशेषज्ञ भारतीय सिनेमा के तीन बड़े पड़ावों में ‘मुगल-ए-आजम’, ‘शोले’ और ‘धुरंधर’ को शामिल कर रहे हैं।


