HomeHindi NewsChhattisgarh Newsछत्तीसगढ़ से जल्द नक्सलवाद खत्म हो जाएगा.. सीएम साय ने एनकाउंटर के...

छत्तीसगढ़ से जल्द नक्सलवाद खत्म हो जाएगा.. सीएम साय ने एनकाउंटर के बाद कहा

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 9 नक्सली मारे गए हैं। इस एनकाउंटर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है, हमारे जवान लड़ रहे हैं। हम अपने जवानों की बहादुरी को सलाम करते हैं। अभी 9 नक्सली मारे गए हैं। बहुत जल्द इस राज्य से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि यह डीआरजी और सीआरपीएफ का संयुक्त अभियान था, जिसमें बीजापुर और दंतेवाड़ा क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान 9 नक्सलियों को मार गिराया गया है। उन्होंने कहा कि यह जवानों की भुजाओं की ताकत है जिसके दम पर आज पूरा बस्तर शांतिपूर्ण तरीके से विकास के पथ पर दौड़ रहा है।

हथियार, गोला-बारूद बरामद

बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने एनकाउंटर पर कहा कि दंतेवाड़ा के बीजापुर सब-डिवीजन में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। संयुक्त टीम को अभियान के लिए भेजा गया। सुबह 10.30 बजे से लगातार सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ चली। मुठभेड़ के बाद तलाशी के दौरान 9 माओवादियों के शव बरामद किए गए। मौके पर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। आसपास के इलाकों में तलाशी जारी है। वहीं एसपी दंतेवाड़ा गौरव राय ने बताया कि दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमावर्ती इलाके में पश्चिम बस्तर डिवीजन के नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन के लिए पहुंची। जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 9 नक्सली मारे गए। नक्सलियों की पहचान की जा रही है। उन पर कितना इनाम था, यह पहचान के बाद ही पता चला है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments