Saturday, July 27, 2024
HomeHindi NewsDelhi Newsमिथुन चक्रवर्ती, राम नाइक समेत कई हस्तियां पद्मश्री और पद्म विभूषण से...

मिथुन चक्रवर्ती, राम नाइक समेत कई हस्तियां पद्मश्री और पद्म विभूषण से सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कला, खेल, सिनेमा और सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाली कई हस्तियों को पद्मश्री और पद्म विभूषण से सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित कई नेता और मंत्री मौजूद रहे।

मुझे उम्मीद नहीं थी : मिथुन

कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है। जब पता चला कि मुझे पद्म भूषण दिया जा रहा है तो मैं एक मिनट के लिए चुप हो गया क्योंकि मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी। मैं कमेटी का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझे इसके लिए चुना। वहीं कला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित नसीम बानो ने कहा कि इस पुरस्कार के लिए मैं धन्यवाद करती हूं। इससे मुझे बहुत ही खुशी मिली है। ये मेरा 10वां पुरस्कार है इससे पहले मुझे और भी पुरस्कार मिले हैं। पद्मश्री से सम्मानित राम नाइक ने कहा कि यह अनपेक्षित था। मैं काम करता आया हूं और अपेक्षा इतनी होती थी कि जो काम मुझे मिलता है वो मैं बहुत अच्छे ढंग से करूं। जीवन की सार्थकता भी महसूस हुई कि हमने जो किया है वो सरकार ने उच्च स्तर पर माना है। कला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित भजन-गायक कालूराम बामनिया ने कहा कि मैंने दादा जी, पिती जी का जो काम था उसे मैंने पूरा किया तो उसका सम्मान मुझे आज मिला। इसके लिए मैं केंद्र सरकार और राज्य सरकार को धन्यवाद करता हूं। कला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित द्रोण भुइयां ने कहा कि मुझे बहुत अच्छा लगा। मैंने बहुत अच्छा अनुभव किया।

यह हस्तियां भी सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कला के क्षेत्र में नसीम बानो, गीता रॉय बर्मन को पद्मश्री से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने सामाजिक कार्य के क्षेत्र में बिंदेश्वर पाठक (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण से सम्मानित किया। दिवंगत बिंदेश्वर पाठक की पत्नी अमोला पाठक ने पुरस्कार ग्रहण किया। लोक नर्तक नारायणन ई.पी. को कला के क्षेत्र में पद्मश्री, खेल के क्षेत्र में पैरा-तैराक सतेंद्र सिंह लोहिया को पद्मश्री, विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में राम चेत चौधरी को पद्मश्री, चिकित्सा के क्षेत्र में मनोहर कृष्ण डोले को पद्मश्री, खेल के क्षेत्र में टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना को पद्मश्री, बांग्लादेश की गायिका सुश्री रेजवाना चौधरी बान्या को कला के क्षेत्र में पद्मश्री, चिकित्सा के क्षेत्र में तेजस मधुसूदन पटेल को पद्म भूषण, व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में सीताराम जिंदल को पद्म भूषण, गायिका उषा उथुप को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण और कला के ही क्षेत्र में पद्मा सुब्रह्मण्यम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments