More
    HomeHindi NewsBihar Newsबंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम, 19 राज्यों में मूसलाधार बारिश...

    बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम, 19 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अपडेट

    मानसून के सक्रिय दौर के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 31 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।

    19 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

    IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा और मेघालय में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

    मौसम विभाग ने खासतौर पर पहाड़ी राज्यों में सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और अचानक जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में आकाशीय बिजली का खतरा भी बढ़ सकता है।

    दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार तक असर

    दिल्ली में 31 अगस्त को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

    उत्तर प्रदेश में मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र और बिजनौर समेत कई जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

    बिहार के पटना, गया, गोपालगंज, सारण, सिवान, चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर और मुंगेर समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है। पटना में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

    पहाड़ी राज्यों में ज्यादा खतरा

    उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक बारिश और आंधी का असर रह सकता है। शिमला, बिलासपुर, सोलन, धर्मशाला, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में मौसम खराब रहने का अनुमान है।

    जम्मू-कश्मीर के जम्मू, रियासी, राजौरी, पुंछ, कुपवाड़ा, किश्तवाड़, अनंतनाग और बारामूला समेत कई इलाकों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। यहां हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

    बंगाल की खाड़ी में सिस्टम, किसानों-मछुआरों को सावधानी

    मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास भी एक परिसंचरण सक्रिय है। इससे बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

    तेज हवाओं और बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान की आशंका है। वहीं, मछुआरों को नदी और समुद्र के किनारे जाने से बचने तथा खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी और जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचना भी बेहतर रहेगा।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments