क्रिकेट प्रेमियों को रविवार, 22 नवंबर को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारत-ए और पाकिस्तान-ए की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला कतर की राजधानी दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम की कप्तानी तिलक वर्मा के हाथों में है, जबकि पाकिस्तान-ए की कमान अब्दुल समद संभालेंगे।
दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की है। ऐसे में ग्रुप-बी का यह मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है। भारत-ए ने अपने पहले मैच में नेपाल को 306 रन से करारी शिकस्त दी थी। वहीं, पाकिस्तान-ए ने यूएई को 61 रन से हराकर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा पर रहेंगी नजरें
भारतीय टीम के लिए इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की होगी। उनके साथ अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत कर सकते हैं। दोनों बल्लेबाजों से टीम को तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। कप्तान तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। नेपाल के खिलाफ पिछले मुकाबले में तिलक वर्मा ने 107 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने 117 रन बनाए थे। गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने पांच और हर्षित राणा ने चार विकेट लेकर नेपाल की टीम को महज 26 रन पर समेट दिया था।
भारत-ए की संभावित प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, हर्षित राणा और प्रिंस यादव। हालांकि, टीम प्रबंधन बल्लेबाजी क्रम में बदलाव कर सकता है। आयुष बडोनी की जगह प्रभसिमरन सिंह को मौका मिलने की भी चर्चा है।
पाकिस्तान-ए की संभावित प्लेइंग-11
शामिल हुसैन, माज सदाकत, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), हसन नवाज, अब्दुल समद (कप्तान), फरहान यूसुफ, साद मसूद, मोहम्मद इमरान रंधावा, अहमद दानियाल, अली रजा और सुफियान मुकीम।
हेड-टू-हेड में भारत का पलड़ा भारी
भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच इमर्जिंग एशिया कप और राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में अब तक कुल आठ मुकाबले हुए हैं। इनमें भारत-ए ने पांच और पाकिस्तान-ए ने तीन मैच जीते हैं। यानी आमने-सामने के रिकॉर्ड में भारतीय टीम आगे है।
हालांकि, पिछले 50 ओवर के फाइनल में पाकिस्तान-ए ने भारत को 128 रन से हराया था। ऐसे में भारतीय टीम के पास पिछली हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और पाकिस्तान-ए के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। टॉस दोपहर 3 बजे होगा। मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। अब देखना होगा कि तिलक वर्मा की कप्तानी में भारतीय युवा खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ अपनी जीत की लय बरकरार रख पाते हैं या नहीं।


