हरियाणा चुनाव पर समीक्षा बैठक दिल्ली में मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई। बैठक में कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन और अन्य नेता शामिल हुए। हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार को लेकर कांग्रेस एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाएगी। कांग्रेस ने फिर नतीजों पर सवाल उठाए हैं। कभी एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं करने वाली पार्टी अब उसी की दुहाई दे रही है।
एग्जिट पोल और नतीजे में जमीन-आसमान का अंतर
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए एआईसीसी पर्यवेक्षक और कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि हमने हरियाणा चुनाव परिणामों पर समीक्षा बैठक की। एग्जिट पोल के बाद जिस तरह नतीजे आए उसमें ज़मीन और आसमान का अंतर है। इसके अलग-अलग कारणों पर चर्चा की। इस बारे में हम आगे कार्रवाई करेंगे जिसके बारे में आपको बाद में बताया जाएगा। बहुत सारे कारण हैं। चुनाव आयोग से लेकर आपस में मतभेद से लेकर बहुत सारी चीजें हैं।
तह तक जाना जरूरी है : गहलोत
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि इस हार को गंभीरता से लिया जा रहा है। मीडिया और वहां की जनता एक स्वर में कह रही थी कि सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है। इसके बावजूद ऐसा क्या हुआ कि नतीजे उसके उलट आए। आज इस पर गंभीरता से बैठक में चर्चा की गई। इसके कारण के तह तक जाना जरूरी है। ईवीएम और कई तरह की आशंका हमारे कार्यकर्ताओं और लोगों के मन में है। कल हमने चुनाव आयोग से मुलाकात भी की है।