होम्बाले फिल्म्स ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट पर फिल्म महावतार नरसिम्हा की एक झलक दिखाई है और इसके साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। इस एनिमेटेड फिल्म का निर्देशन अश्विन कुमार ने किया है और यह भगवान विष्णु के नरसिम्हा अवतार की पौराणिक कथा पर आधारित है। फिल्म को 3डी में बनाया गया है और यह हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। होम्बाले फिल्म्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक मोशन पोस्टर भी शेयर किया है, जिसमें भगवान नरसिम्हा को रौद्र रूप में दिखाया गया है। इस पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा है, जब आस्था को चुनौती दी जाती है, तो वह प्रकट होते हैं। अंधकार और अराजकता से भरी दुनिया में, देखिए उस किंवदंती का प्रकटीकरण, आधा-मानव, आधा-सिंह अवतार-भगवान विष्णु का सबसे शक्तिशाली रूप।
भगवान नरसिम्हा की वीरता और बुराई पर विजय की कहानी
महावतार नरसिम्हा होम्बाले फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत की जा रही एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसे क्लेम प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया जा रहा है। फिल्म में संगीत सैम सीएस ने दिया है। इस फिल्म के जरिए दर्शक भगवान नरसिम्हा की वीरता और बुराई पर उनकी विजय की कहानी को बड़े पर्दे पर अनुभव कर सकेंगे। फिल्म 25 जुलाई, 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।