HomeHindi News2027 विश्वकप में भारत-पाक महामुकाबला: स्टेडियम में जगह 34 हजार की, 84...

2027 विश्वकप में भारत-पाक महामुकाबला: स्टेडियम में जगह 34 हजार की, 84 लाख फैंस ने मांगे टिकट

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले का रोमांच एक बार फिर दुनिया भर में देखने को मिल रहा है। 2027 वनडे विश्वकप में दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच होने वाले मैच के टिकटों के लिए जबरदस्त मांग सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस एक मुकाबले के लिए करीब 84 लाख टिकट आवेदन मिले हैं, जबकि जिस स्टेडियम में मैच होना है, वहां दर्शकों के बैठने की क्षमता महज 34 हजार है। ऐसे में टिकट हासिल करना प्रशंसकों के लिए बड़ी चुनौती बनने वाला है।

भारत-पाकिस्तान मैच के लिए सीटों से 247 गुना ज्यादा आवेदन

आईसीसी के आंकड़ों के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले के लिए कुल 83,97,294 टिकट आवेदन मिले हैं। इसके मुकाबले वांडरर्स स्टेडियम में केवल 34 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। यानी उपलब्ध सीटों की तुलना में टिकटों की मांग करीब 247 गुना अधिक है। यह मुकाबला पूरे टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा मांग वाला मैच बन गया है।

भारत और पाकिस्तान की टीमें 10 अक्तूबर 2027 को जोहानिसबर्ग में आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के बावजूद क्रिकेट मुकाबले को लेकर प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। यही वजह है कि मैच शुरू होने से करीब एक साल पहले ही टिकटों के लिए इतनी बड़ी संख्या में आवेदन पहुंच गए हैं।

विश्व कप फाइनल के टिकटों की भी भारी मांग

भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद टिकटों की सबसे ज्यादा मांग विश्व कप फाइनल को लेकर है। 21 नवंबर 2027 को जोहानिसबर्ग के इसी वांडरर्स स्टेडियम में टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा। इसके लिए भी 79,00,944 टिकट आवेदन मिल चुके हैं।

भारत-पाकिस्तान मैच के मुकाबले फाइनल के लिए आवेदन थोड़े कम हैं, लेकिन दोनों मुकाबलों की मांग स्टेडियम की क्षमता से कई गुना ज्यादा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि 2027 विश्व कप को लेकर दुनियाभर में कितना उत्साह है।

193 देशों के प्रशंसकों ने दिखाई दिलचस्पी

आईसीसी के मुताबिक, पूरे विश्व कप के लिए अब तक 193 देशों से करीब 28 लाख अलग-अलग प्रशंसकों ने टिकट पाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। कुल टिकट आवेदनों की संख्या 12 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। इनमें दक्षिण अफ्रीका, ब्रिटेन, भारत, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के प्रशंसक सबसे आगे हैं।

दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 41 मुकाबलों के लिए 10.5 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिले हैं। वहीं जिम्बाब्वे में होने वाले मुकाबलों के लिए भी 1.3 करोड़ से अधिक आवेदन आ चुके हैं। भारत और जिम्बाब्वे के बीच 24 अक्तूबर को होने वाले मैच के लिए ही 33 लाख से ज्यादा आवेदन मिले हैं।

कब तक कर सकते हैं टिकट के लिए आवेदन?

2027 वनडे विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। टूर्नामेंट में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। विश्व कप 2 अक्तूबर से 21 नवंबर 2027 तक आयोजित होगा।

आईसीसी ने टिकट आवेदन की अंतिम तारीख 21 नवंबर 2026 तय की है। प्रशंसक आधिकारिक वेबसाइट tickets.cricketworldcup.com पर जाकर अपनी पसंद के मुकाबलों के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

लॉटरी से होगा टिकटों का आवंटन

आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि टिकट पाने के लिए पहले आवेदन करने से कोई अतिरिक्त फायदा नहीं मिलेगा। यह प्रक्रिया पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर नहीं है। जिन मुकाबलों के लिए टिकटों की मांग उपलब्ध सीटों से ज्यादा होगी, वहां रैंडम बैलट यानी लॉटरी के जरिए टिकट आवंटित किए जाएंगे।

टिकट बैलट में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन के समय कोई भुगतान नहीं करना होगा। चयनित प्रशंसकों को ईमेल के जरिए टिकट खरीदने की आगे की प्रक्रिया बताई जाएगी।

भारत-पाकिस्तान मैच: 10 अक्टूबर 2027

स्थान: वांडरर्स स्टेडियम, जोहानिसबर्ग

टिकट आवेदन: 83,97,294

स्टेडियम क्षमता: 34,000 दर्शक

टिकट आवेदन की अंतिम तारीख: 21 नवंबर 2026

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments