एशियन गेम्स 2026 के 12वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने पदकों की झड़ी लगा दी है। बुधवार को महज कुछ घंटों के भीतर भारत ने चार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए। शूटिंग में मिक्स्ड ट्रैप टीम की सफलता के बाद तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष कंपाउंड टीम ने भी फाइनल जीतकर भारत को दिन का एक और स्वर्ण दिलाया। इसके साथ ही तीरंदाजी में भारत के गोल्ड की संख्या तीन हो गई है।
पुरुष कंपाउंड टीम ने जीता तीसरा गोल्ड
कुशल दलाल, साहिल जाधव और गणेश मणि रत्नम की भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम ने बुधवार को फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। यह तीरंदाजी में भारत का दिन का तीसरा गोल्ड है। इससे पहले महिला कंपाउंड टीम और मिश्रित कंपाउंड टीम ने भी शीर्ष स्थान हासिल किया था।
भारतीय महिला कंपाउंड टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिथा तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप शामिल थीं। टीम ने फाइनल में चीन को 238-234 से हराकर स्वर्ण जीता। भारतीय टीम का यह प्रदर्शन विश्व रिकॉर्ड के बराबर रहा।
मिश्रित टीम ने शूटऑफ में मारी बाजी
इससे पहले चिकिथा तनिपार्थी और साहिल जाधव की भारतीय जोड़ी ने कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में दक्षिण कोरिया को शूटऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीता। मुकाबला निर्धारित चार राउंड के बाद 157-157 की बराबरी पर था। इसके बाद शूटऑफ में भारतीय जोड़ी ने दबाव के बीच बेहतर निशाना लगाकर बाजी मारी।
इस जीत के साथ चिकिथा और साहिल ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा का कोटा भी भारत के नाम किया। यह कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा के ओलंपिक पदार्पण से पहले भारत के लिए अहम उपलब्धि है।
शूटिंग में भी आया ऐतिहासिक गोल्ड
भारत के लिए दिन का एक और बड़ा स्वर्ण निशानेबाजी से आया। काइनान डेरियस चेनाई और नीरू ढांडा की जोड़ी ने मिक्स्ड ट्रैप टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 34 का स्कोर बनाया, जो एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड है। यह इस स्पर्धा में भारत का पहला स्वर्ण भी है।
नीरू ढांडा के लिए यह उपलब्धि और खास रही, क्योंकि उन्होंने 24 घंटे के भीतर दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
पदक तालिका में भारत की छलांग
इन सफलताओं के बाद भारत की कुल पदक संख्या 56 पहुंच गई है। भारत के खाते में अब 9 स्वर्ण, 21 रजत और 26 कांस्य पदक हैं। तीरंदाजी और शूटिंग में मिले स्वर्ण ने पदक तालिका में भारत की स्थिति को और मजबूत किया है।
एशियन गेम्स 2026 में भारत का अभियान 4 अक्टूबर तक जारी रहेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में भी भारतीय खिलाड़ियों के पास पदक संख्या बढ़ाने के कई मौके हैं।


