मुंबई में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।
भक्ति और गुलामी से मुक्ति का आंदोलन शुरू हुआ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज यहां जिस संकल्प पत्र का विमोचन हुआ है, वह महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। महाराष्ट्र एक प्रकार से कई युगों से हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करता रहा है। एक जमाने में जब जरूरत थी, तब भक्ति आंदोलन की शुरुआत भी महाराष्ट्र से हुई। गुलामी से मुक्ति का आंदोलन भी शिवाजी महाराज ने यहीं से शुरू किया। सामाजिक क्रांति की शुरुआत भी यहीं से हुई। महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब हमारे इस संकल्प पत्र में दिखाई पड़ता है।
योजनाएं भी हमारे इस संकल्प पत्र में
अमित शाह ने कहा कि हमने इस संकल्प पत्र के माध्यम से महापुरुषों की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासतों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी रखा है। अराजकता फैलाकर विकास के नाम पर विफल राज्य देने वालों की विफलताओं से बोध लेकर मजबूत, समृद्ध और सुरक्षित महाराष्ट्र के लिए योजनाएं भी हमारे इस संकल्प पत्र में हैं।
अघाड़ी की सारी योजनाएं सत्ता की लालच में तुष्टिकरण की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि चुनाव में हमारा मुकाबला महा विकास अघाड़ी से है। मैं कहना चाहता हूं कि अघाड़ी की सारी योजनाएं सत्ता की लालच में तुष्टिकरण की हैं, विचारधाराओं का अपमान करने वाली हैं और महाराष्ट्र की संस्कृति से छल करने वाली हैं।