HomeHindi Newsअरब सागर में 20 ईरानियों को बचाया, भारतीय नौसेना ने सोमाली समुद्री...

अरब सागर में 20 ईरानियों को बचाया, भारतीय नौसेना ने सोमाली समुद्री लुटेरों के खिलाफ चलाया ऑपरेशन

भारतीय नौसेना ने अरब सागर में एक बड़ा अभियान चलाकर सोमाली समुद्री लुटेरों के कब्जे से ईरान के मछली पकड़ने वाले जहाज को मुक्त करा लिया। इस कार्रवाई में जहाज पर सवार सभी 20 ईरानी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। करीब 48 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने भी सहयोग किया। अभियान की सफलता के बाद ईरान ने भारत सरकार, भारतीय नौसेना और वायुसेना का आभार जताया है।

29 अक्तूबर को समुद्री लुटेरों ने किया था जहाज पर कब्जा

जानकारी के मुताबिक, ईरान का मछली पकड़ने वाला जहाज ‘अजिनी’ 29 अक्तूबर को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास समुद्री लुटेरों के कब्जे में चला गया था। यह घटना बंदर बायला और हाफुन के बीच हुई थी। हथियारों से लैस करीब 12 समुद्री लुटेरों ने जहाज पर कब्जा कर लिया था।

समुद्री सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि लुटेरे इस जहाज का इस्तेमाल बड़े व्यापारिक जहाजों पर हमले करने के लिए कर सकते हैं। समुद्री सुरक्षा की भाषा में ऐसे जहाज को ‘मदर शिप’ कहा जाता है। इसके जरिए समुद्री लुटेरे अपनी छोटी नावों से दूर तक जाकर दूसरे जहाजों को निशाना बना सकते हैं।

INS कोलकाता ने संभाला मोर्चा, C-17 से उतारे कमांडो

जहाज को मुक्त कराने के लिए भारतीय नौसेना ने विशेष अभियान शुरू किया। इसके तहत युद्धपोत आईएनएस कोलकाता को तैनात किया गया। समुद्री निगरानी विमान की मदद से जहाज की लोकेशन और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।

नौसेना ने गैर-घातक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए जहाज की आवाजाही सीमित की, ताकि समुद्री लुटेरे उसे लेकर भाग न सकें। इसके बाद भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान की मदद से नौसेना के मरीन कमांडो को सटीक तरीके से अभियान स्थल तक पहुंचाया गया।

48 घंटे तक चले समन्वित अभियान के बाद 2 नवंबर को जहाज को सुरक्षित अपने नियंत्रण में ले लिया गया। सभी 20 ईरानी चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस पूरे अभियान में किसी की जान नहीं गई और कोई घायल भी नहीं हुआ।

राजनाथ सिंह ने नौसेना और वायुसेना को दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अभियान की सफलता पर भारतीय नौसेना की सराहना की। उन्होंने कहा कि 3,000 किलोमीटर से अधिक दूरी पर चलाया गया यह 48 घंटे का अभियान नौसेना की उच्च परिचालन क्षमता और समुद्री खतरों से निपटने की तत्परता को दर्शाता है।

उन्होंने भारतीय वायुसेना के समय पर मिले सहयोग की भी प्रशंसा की। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सुरक्षाबलों ने एक बार फिर समुद्री क्षेत्र में लोगों की जान बचाने और हिंद महासागर में स्थिरता बनाए रखने की भारत की प्रतिबद्धता साबित की है।

ईरान ने भारत के साथ दोस्ती का किया जिक्र

ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बयान जारी कर भारत का आभार जताया। दूतावास ने भारतीय नौसेना और वायुसेना के पेशेवर रवैये, साहस और बेहतर तालमेल की सराहना की।

ईरान ने कहा कि यह मानवीय अभियान सीमाओं से परे लोगों की जान बचाने की भारत की प्रतिबद्धता को दिखाता है। साथ ही इसे भारत और ईरान के बीच दोस्ती, एकजुटता और सहयोग का प्रतीक बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments