भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे वीनू मांकड़ ट्रॉफी में आमने-सामने आए, तो मुकाबले में अन्वय द्रविड़ ने अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया। कर्नाटक की कप्तानी कर रहे अन्वय ने दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ महज 41 गेंदों में 85 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में सात चौके और पांच छक्के शामिल रहे। अन्वय के दमदार प्रदर्शन की बदौलत कर्नाटक ने दिल्ली को 198 रन से करारी शिकस्त दी।
41 गेंदों में 85 रन, 207 का स्ट्राइक रेट
वीनू मांकड़ ट्रॉफी के इस मुकाबले में कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में चार विकेट पर 418 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अन्वय ने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने 207.32 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और नाबाद पवेलियन लौटे।
कर्नाटक के लिए अन्वय के अलावा ध्रुव कृष्णन और नीतीश आर्य ने भी शानदार पारियां खेलीं। ध्रुव ने महज 51 गेंदों में 103 रन बनाए, जबकि नीतीश ने 109 गेंदों का सामना करते हुए 111 रन जोड़े। इन तीनों बल्लेबाजों के दम पर कर्नाटक की टीम 400 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
आर्यवीर सहवाग की टीम 220 रन पर सिमटी
419 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम कर्नाटक की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 41.1 ओवर में 220 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दिल्ली के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज अभिराज गगन सिंह ने सर्वाधिक 59 रन बनाए।
दिल्ली के कप्तान आर्यवीर सहवाग भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 35 गेंदों पर 32 रन बनाए। कर्नाटक के गेंदबाज ध्यान हिरेमठ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 रन देकर पांच विकेट झटके। रतन बीआर और सी. वैभव को दो-दो विकेट मिले। इस तरह कर्नाटक ने मुकाबला 198 रन से अपने नाम कर लिया।
चंडीगढ़ के खिलाफ भी लगाया था शतक
अन्वय द्रविड़ का शानदार फॉर्म इस मुकाबले तक सीमित नहीं है। इससे पहले उन्होंने चंडीगढ़ अंडर-19 के खिलाफ 62 गेंदों में 104 रन की पारी खेली थी। उस मैच में कर्नाटक ने 100 रन से जीत दर्ज की थी। 17 वर्षीय अन्वय टीम की कप्तानी करने के साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभालते हैं।
अन्वय भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। वहीं, आर्यवीर सहवाग को वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी सौंपी गई है। दोनों युवा खिलाड़ी हाल में भारत की अंडर-19 वनडे टीम में भी चुने गए थे।
ग्रुप ई में कर्नाटक शीर्ष पर
दिल्ली के खिलाफ जीत से कर्नाटक ने ग्रुप ई में अपनी स्थिति मजबूत की है। टीम ने तीन मुकाबलों में दो जीत दर्ज की हैं और आठ अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर है। दूसरी ओर, दिल्ली को तीन मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है और टीम अंकतालिका में छठे स्थान पर है। अन्वय की लगातार बड़ी पारियों ने टूर्नामेंट में कर्नाटक की बल्लेबाजी को मजबूती दी है। अब उनके सामने इस प्रदर्शन को आगे भी बरकरार रखने की चुनौती होगी।


