HomeHindi Newsकोहली तक पहुंची बेंगलुरु भगदड़ की आंच, सामाजिक कार्यकर्ता ने दर्ज कराई...

कोहली तक पहुंची बेंगलुरु भगदड़ की आंच, सामाजिक कार्यकर्ता ने दर्ज कराई शिकायत


रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की आईपीएल 2025 की ऐतिहासिक जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ में 11 लोगों की मौत और 50 से अधिक लोगों के घायल हो गए थे। अब यह मामला एक नया मोड़ ले चुका है। इस घटना में भारतीय क्रिकेट टीम और आरसीबी के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली का नाम भी सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता एचएम वेंकटेश ने कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में विराट कोहली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्हें इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
वेंकटेश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विराट कोहली की लोकप्रियता और उनकी मौजूदगी ने भीड़ को अनियंत्रित किया, जिससे भगदड़ की स्थिति पैदा हुई। उनका कहना है कि कोहली को भीड़ को संभालने की अपील करनी चाहिए थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक कोहली के खिलाफ कोई औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं की है, लेकिन शिकायत स्वीकार कर ली गई है और इसे पहले से दर्ज Crime No. 123/2025 के तहत जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।

इस घटना के बाद सरकार और आरसीबी टीम पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर इस बात को लेकर कि जब बाहर भगदड़ मची थी, तब स्टेडियम के अंदर सम्मान समारोह क्यों जारी रहा। पूर्व क्रिकेटरों ने भी इस पर अपनी चिंता व्यक्त की है। विराट कोहली ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा था कि वह निशब्द हैं और उनका दिल टूट गया है। आरसीबी फ्रेंचाइजी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है।

भगदड़ के बाद बेंगलुरु पुलिस ने फ्रेंचाइजी के मार्केटिंग हेड सहित कुछ अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। कर्नाटक हाईकोर्ट भी इस मामले में सक्रिय है और उसने राज्य सरकार और आयोजकों से जवाब मांगा है। यह देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है और विराट कोहली पर लगे आरोपों का क्या असर होता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments