रेबेल स्टार प्रभास के 47वें जन्मदिन के खास मौके पर उनके फैंस के लिए डबल सेलिब्रेशन लेकर आया है। निर्देशक नाग अश्विन की बहुप्रतीक्षित साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल से प्रभास का पहला वीडियो (BTS) रिलीज कर दिया गया है। इसके साथ ही यह पूरी तरह साफ हो गया है कि पर्दे पर ‘भैरव’ की धमाकेदार वापसी हो चुकी है।
32 सेकंड के वीडियो ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें
वैजयंती मूवीज के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किए गए 32 सेकंड के इस वीडियो की शुरुआत सेट की तैयारियों से होती है, जिस पर लिखा नजर आता है— ‘Bhairava is Back’। इसके बाद प्रभास अपने पुराने और लोकप्रिय बाउंटी हंटर भैरव के अंदाज में नजर आते हैं। ट्रेडमार्क कवच (आर्मर), लंबे बाल, रग्ड दाढ़ी और भारी-भरकम बूट्स पहने प्रभास अपनी सुपर-कार ‘बुज्जी’ पर सवार होते हैं और निर्देशक के ‘एक्शन’ बोलते ही कैमरे के सामने छा जाते हैं। मेकर्स ने अभी उनका पूरा चेहरा रिवील नहीं किया है, लेकिन सिल्हूट में उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर छा गया है।
कर्ण की झलक और सीक्वल से उम्मीदें
फिल्म के पहले पार्ट के क्लाइमैक्स में यह बड़ा खुलासा हुआ था कि भैरव ही असल में महाभारत के दानवीर कर्ण का पुनर्जन्म है। सीक्वल में प्रभास का वही कर्ण वाला अवतार और अधिक विस्तार से देखने को मिलने वाला है। वीडियो में पहना गया कवच इसी बात की ओर बड़ा इशारा करता है। सोशल मीडिया पर #BhairavaIsBack ट्रेंड कर रहा है और फैंस इसे दशक की सबसे बड़ी फिल्म बताते हुए अभी से 2000 करोड़ क्लब में शामिल होने की उम्मीद जता रहे हैं।
कास्टिंग और आगे की कहानी
‘कल्कि 2’ की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां पहला भाग खत्म हुआ था— यानी काशी की डायस्टोपियन दुनिया, जहां सुप्रीम यास्किन (कमल हासन) का राज है और अश्वत्थामा (अमिताभ बच्चन) सुमति की रक्षा कर रहे हैं। हालांकि, सुमति के किरदार में नजर आईं दीपिका पादुकोण के प्रोजेक्ट छोड़ने के बाद उनकी जगह कौन लेगा, इसे लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। नाग अश्विन पहले ही यह साफ कर चुके हैं कि कहानी में कोई नया मुख्य किरदार नहीं जोड़ा जा रहा है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ‘कल्कि’ के इस सीक्वल से फैंस की उम्मीदें आसमान पर हैं, और प्रभास के जन्मदिन पर आए इस टीजर ने फिल्म के प्रति रोमांच को और अधिक बढ़ा दिया है।


