HomeHindi Newsसूर्यकुमार यादव के बल्ले ने उगली आग, 15 गेंदों में जड़ी फिफ्टी,...

सूर्यकुमार यादव के बल्ले ने उगली आग, 15 गेंदों में जड़ी फिफ्टी, मुंबई ने हैदराबाद को 7 विकेट से रौंदा

भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में अपने बल्ले से धमाकेदार वापसी की है। हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सूर्यकुमार ने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन की तूफानी पारी खेलकर मुंबई को सात विकेट से शानदार जीत दिलाई। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने हैदराबाद के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। सूर्यकुमार यादव फिलहाल भारतीय T20 टीम से बाहर हैं। जून 2026 में चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम से बाहर कर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया था।

शनिवार को कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस सेकंड ग्राउंड पर खेले गए एलीट ग्रुप डी के इस मुकाबले में मुंबई को जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य मिला था। टीम ने इसे केवल 13.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई ने 41 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया।

15 गेंदों में पूरी की फिफ्टी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। अंगकृष रघुवंशी ने 13 गेंदों पर 27 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। हार्दिक तमोरे ने भी 16 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया।

इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने हैदराबाद के गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए मैदान के चारों तरफ शानदार शॉट लगाए। सूर्या ने अपनी 21 गेंदों की नाबाद पारी में छह चौके और पांच छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 285.71 का रहा।

सूर्यकुमार ने मुशीर खान के साथ तीसरे विकेट के लिए महज 23 गेंदों में 65 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी ने मुंबई की जीत लगभग तय कर दी।

मुशीर खान ने भी जड़ा अर्धशतक

मुंबई की जीत में मुशीर खान का भी अहम योगदान रहा। उन्होंने केवल 24 गेंदों पर 51 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। मुशीर को अजय देव गौड़ ने आउट किया।

वहीं शिवम दुबे ने पांच गेंदों पर नाबाद 13 रन बनाए। उन्होंने 14वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर मुंबई को जीत दिला दी।

172 रन पर सिमटी हैदराबाद की टीम

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अभिरथ रेड्डी ने 24 गेंदों पर 35 रन बनाए। कोडिमेला हिमतेजा ने 16 गेंदों पर 25 रन और कप्तान चामा मिलिंद ने 12 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया।

मुंबई की ओर से मैक्सवेल स्वामीनाथन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। शिवम दुबे ने दो विकेट झटके, जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी अहम योगदान दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments