HomeHindi NewsBusinessराष्ट्रपति ट्रंप और मस्क में सीजफायर के संकेत.. अफसोस जताया; एक्स पर...

राष्ट्रपति ट्रंप और मस्क में सीजफायर के संकेत.. अफसोस जताया; एक्स पर पोस्ट कर यह कहा

दुनिया के सबसे अमीर शख्स और एक्स (पहले ट्विटर) के मालिक एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में पिछले सप्ताह की गई अपनी कुछ सोशल मीडिया पोस्ट पर खेद व्यक्त किया है। मस्क ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, मुझे पिछले सप्ताह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में की गई कुछ पोस्ट पर पछतावा है। वे कुछ ज्यादा ही आगे निकल गए थे। यह टिप्पणी मस्क और ट्रंप के बीच चल रहे एक तीखे विवाद के बाद आई है, जिसने पिछले कुछ दिनों से सुर्खियां बटोरी हुई हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब मस्क ने ट्रंप द्वारा समर्थित एक टैक्स और खर्च बिल वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट का विरोध किया। मस्क ने तर्क दिया था कि यह बिल उनकी बनाई सरकारी योजना DOGE (डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी) को नुकसान पहुंचाएगा और अमेरिका का बजट घाटा बढ़ाएगा।

दोनों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई थी

इस विरोध के बाद दोनों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई थी। मस्क ने ट्रंप के खिलाफ महाभियोग चलाने तक की बात कह दी थी और यहां तक कि जेफरी एपस्टीन फाइलों में ट्रंप का नाम होने का दावा भी किया था, जिसे बाद में उन्होंने हटा लिया। ट्रंप ने भी मस्क के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी और मस्क की कंपनियों को मिलने वाली सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने की धमकी दी थी। हालांकि, अब ऐसा लग रहा है कि मस्क इस विवाद को खत्म करना चाहते हैं। उनके अफसोस जताने वाले पोस्ट के बाद फ्रैंकफर्ट में टेस्ला के शेयरों में 2.44 प्रतिशत का उछाल देखा गया। यह दर्शाता है कि बाजार भी इस तनातनी के खत्म होने से राहत महसूस कर रहा है। मस्क के करीबी सूत्रों का कहना है कि उनका गुस्सा कम होने लगा है और वे ट्रंप के साथ अपने रिश्ते को सुधारना चाहते हैं। इस सुलह से भविष्य में दोनों के संबंधों पर क्या असर पड़ेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments