फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री साई पल्लवी इन दिनों अपने किरदार और लुक को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी कास्टिंग और सीता के रूप में उनके रूप को लेकर सवाल उठाए गए। अब अभिनेत्री ने पहली बार खुलकर इन आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी है। साथ ही उन्होंने अपने नो-मेकअप लुक के पीछे की वजह भी बताई। साई का कहना है कि चेहरे पर फाउंडेशन या कंसीलर की परत लगाने के बाद उन्हें खुद को एक अलग इंसान जैसा महसूस होता है।
साई पल्लवी ने ये बातें पत्रकार बरखा दत्त के कार्यक्रम ‘वी द वुमन’ में बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपनी प्राकृतिक पहचान के साथ सहज हैं और किसी खास सुंदरता के पैमाने में फिट होने की कोशिश नहीं करना चाहतीं।
‘सीता मां कितनी सुंदर दिखनी चाहिए’, ऐसी टिप्पणियों पर दिया जवाब
फिल्म में सीता की भूमिका के लिए साई पल्लवी के चयन पर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। कुछ लोगों ने उनके लुक को लेकर सवाल उठाए। इस पर अभिनेत्री ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर होने वाली चर्चाओं से अनजान नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि लोग इस तरह की बातें करते हैं कि सीता मां कितनी सुंदर दिखनी चाहिए। लेकिन अगर ऐसी टिप्पणियां किसी का आत्मविश्वास हिला देती हैं तो उसे खुद को भीतर से मजबूत बनाने की जरूरत है।
साई के मुताबिक, लोगों की राय अलग-अलग हो सकती है और हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि वह खुद को लेकर सहज और आत्मविश्वास से भरी हैं। बाहरी आलोचनाओं का सामना करने के लिए भीतर से मजबूत होना जरूरी है।
फाउंडेशन और कंसीलर लगाने पर क्यों होती है परेशानी?
साई पल्लवी ने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से उनके नो-मेकअप लुक को लेकर सवाल पूछे जाते रहे हैं। उन्होंने मलयालम फिल्म ‘प्रेमम’ से अपने करियर की शुरुआत की थी और तब से ही वह मेकअप का कम इस्तेमाल करती आई हैं।
अभिनेत्री ने कहा कि शुरुआत में वह भी अपनी दिखावट को लेकर असुरक्षित महसूस करती थीं। लेकिन धीरे-धीरे उन्हें समझ आया कि दर्शक पर्दे पर कुछ वास्तविक देखना चाहते हैं। वह ऐसी महिलाओं के किरदार निभाना पसंद करती हैं, जो वास्तविक परिस्थितियों में दिखाई दें।
उन्होंने बताया कि फिलहाल वह थोड़ा लिप ग्लॉस, आईलाइनर और मॉइस्चराइजर इस्तेमाल करती हैं। लेकिन चेहरे पर फाउंडेशन या कंसीलर की परत लगाने पर उन्हें लगता है कि वह कोई दूसरी इंसान बन गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मेकअप करना या नहीं करना हर व्यक्ति की अपनी पसंद है। किसी को भी खुद को किसी तय सांचे में ढालने की जरूरत नहीं है।
ग्लैमरस दिखने के लिए नहीं चुनतीं फिल्में
साई ने अपने करियर की प्राथमिकताओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह ऐसे किरदार नहीं करना चाहतीं, जिनका मकसद केवल फिल्म में ग्लैमर जोड़ना हो। उन्हें ऐसे रोल पसंद हैं जिनमें महिला किरदार की अपनी पहचान, ताकत और कहानी हो।
अभिनेत्री ने खुलासा किया कि अपने करीब एक दशक लंबे करियर में उन्होंने चार से पांच साल तक अर्थपूर्ण भूमिकाओं का इंतजार किया। इस दौरान कई पारंपरिक व्यावसायिक फिल्मों के प्रस्ताव ठुकराने पड़े। उन्होंने माना कि शुरुआत में ऐसे फैसले लेना आसान नहीं था।
सीता का किरदार उनके लिए निजी अनुभव
साई ने कहा कि किसी किरदार को निभाने के बाद कलाकार अपने भीतर उसका कुछ हिस्सा लेकर चलता है। सीता की भूमिका ने भी उनमें कुछ व्यक्तिगत बदलाव किए हैं। हालांकि, उन्होंने इन बदलावों को निजी बताते हुए कहा कि दुनिया को उनके बारे में जानना जरूरी नहीं है।
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आ रहे हैं। साई के मुताबिक, उनके लिए किसी भी किरदार की असली ताकत उसके बाहरी रूप से ज्यादा उसकी आंतरिक पहचान में होती है।


