परिसीमन विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से 2029 के लोकसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ होगा। संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। योगी ने दावा किया कि प्रस्तावित परिसीमन से किसी भी राज्य की लोकसभा में मौजूदा हिस्सेदारी प्रभावित नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद से पहले ही पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को मंजूरी मिलने से इसे प्रभावी बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
सभी राज्यों में 50 प्रतिशत बढ़ेंगी सीटें
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रस्ताव की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाएगा। 2011 की जनगणना को आधार बनाकर परिसीमन किया जाएगा और राज्यों की वर्तमान हिस्सेदारी के अनुपात में ही सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
केंद्र सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी। इससे लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंच सकती है। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से दक्षिण भारतीय राज्यों की उन आशंकाओं का समाधान होगा, जिनमें जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों के प्रतिनिधित्व में कमी आने की चिंता जताई जा रही थी।
यूपी के सभी 80 सांसदों से समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का अवसर है। जनप्रतिनिधियों को इस पहल में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण को विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र मजबूत होगा।
15 साल के लिए लागू होगा आरक्षण
प्रस्ताव के तहत महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने की व्यवस्था है। आरक्षित सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया भी प्रस्ताव का हिस्सा है, जिसे निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
गौरतलब है कि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। सरकार इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयक पेश कर सकती है। इससे पहले अप्रैल में लाया गया संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था।
अब सरकार नए प्रस्ताव के जरिए विपक्ष और क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश में है। हालांकि, विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलना और संसद से पारित होना अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। 2029 में महिला आरक्षण लागू होने का रास्ता संसद में विधेयक पारित होने और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने पर निर्भर करेगा।


