HomeHindi NewsDelhi Newsराहुल गांधी का दावा, 1 साल में गिर जाएगी सरकार, BJP ने...

राहुल गांधी का दावा, 1 साल में गिर जाएगी सरकार, BJP ने कहा-देश में अशांति फैलाना चाहते हैं

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के एक ताजा राजनीतिक दावे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बेहद तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग (Minority Department) की सलाहकार परिषद की बैठक के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया था कि अगले एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदाई तय है। इस बयान के सामने आने के बाद केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को राहुल गांधी और विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए इसे देश को अस्थिर करने की एक गंभीर साजिश करार दिया।

राहुल गांधी का दावा: ‘एक साल में गिर जाएगी सरकार’

नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की बैठक में राहुल गांधी ने देश के मौजूदा हालातों पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार अगले एक साल से ज्यादा नहीं टिक पाएगी। उन्होंने इसके पीछे के मुख्य कारण बताते हुए दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदलती आर्थिक परिस्थितियां और देश के भीतर आम जनता में बढ़ता आर्थिक असंतोष व आक्रोश इस सरकार के पतन का कारण बनेगा।

पीयूष गोयल का तीखा पलटवार: ‘टूलकिट गैंग की साजिश’

राहुल गांधी के इस बयान पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी का यह बयान कोई सामान्य राजनीतिक टिप्पणी नहीं है, बल्कि देश के खिलाफ कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों और भारत को अस्थिर करने का सपना देख रहे ‘टूलकिट गैंग’ की एक सोची-समझी और बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।

पीयूष गोयल ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह बयान देश में अराजकता और हिंसा फैलाने का एक गंभीर षड्यंत्र है। जब राहुल गांधी एंड कंपनी ने यह देख लिया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को देश की जनता के दिलों से नहीं निकाल सकते और सीधे लोकतांत्रिक चुनाव में भाजपा को परास्त नहीं कर सकते, तो अब वे देश में अशांति फैलाना चाहते हैं।”

पीयूष गोयल ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि देश की जनता बेहद समझदार है और वह देश विरोधी ताकतों व टूलकिट गैंग के इस एजेंडे को अच्छी तरह समझती है। जनता ने पहले भी इन ताकतों को करारा जवाब दिया है और देश में आग लगाने की विपक्ष की यह साजिश कभी भी कामयाब नहीं हो पाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments